गिरिडीह : डीसी उमाशंकर सिंह ने कहा कि पर्यटन मद में मधुबन विकास योजना के तहत तीन स्कीम चलायी जायेगी. इसके तहत डोली मजदूरों का आश्रय गृह बनेगा. हेलीपैड, बस पड़ाव और वंदना पथ का भी निर्माण किया जायेगा. मंगलवार को डीसी ने समाहरणालय में मधुबन विकास योजना की समीक्षा की.
सभी विभागीय अधिकारियों को समन्वय बना कर योजनाएं पूरी करने का निर्देश दिया. बताया गया कि ग्राम अभियंत्रण संगठन ने मधुबन विकास योजना के तहत चार योजनाओं का चयन किया है. आरइओ के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि चारों योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है.
पीरटांड़ के छह और डुमरी की चार पंचायत शामिल : पेज 15
पीरटांड़ के छह और डुमरी की चार पंचायत शामिल : डीसी ने कहा कि पीएचइडी को दस पंचायत के 30 गांवों में 118 चापाकल लगाने का निर्देश दिया गया है. इसके लिए सर्वे पूरा कर लिया गया है. मधुबन विकास योजना के तहत 30 गांवों में जले पड़े 11 ट्रांसफॉर्मर को भी बदलने का निर्देश दिया. पीरटांड़ प्रखंड के छह व डुमरी प्रखंड के चार पंचायतों को मधुबन विकास योजना में शामिल किया गया है. डीसी ने डीएसपी को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने का भी निर्देश दिया, ताकि सड़क निर्माण कार्य में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो.
ये थे मौजूद
बैठक में अपर समाहर्ता रवींद्र कुमार सिंह, डीपीओ डीके गौतम, डुमरी एसडीओ ज्ञान प्रकाश मिंज, डीएसपी विजय आशीष कुजूर, पीएचइडी व आरइओ के कार्यपालक अभियंता आदि मौजूद थे.
