गिरिडीह : डीसी गुप्ता एंड संस कंपनी को उसके ही एकाउंटेंट ने चालीस लाख रुपये का चूना लगाया है. उसने यह कारनामा कंपनी का पेट्रो कार्ड उड़ा कर किया है. एकाउंटेंट को गिरिडीह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. डीसी गुप्ता एंड संस कंपनी आइओसीएलए, एचपीसीएल और बीपीसीएल नामक पेट्रोलियम कंपनी की फैक्टरी के इंप्लाई ट्रांसपोर्टेशन व लॉजिस्टिक का काम करती है.
आरोपित एकाउंटेंट बिरनी थानांतर्गत जमडीहा निवासी अजय कुमार सिंह (पिता स्व. प्यारी सिंह) है. इसका खुलासा मुफस्सिल थाना में रविवार को प्रेस कांफ्रेंस में प्रशिक्षु आइपीएस अंशुमान कुमार ने किया.
साथियों के साथ मिलकर की हेराफेरी : प्रशिक्षु आइपीएस ने बताया कि इतनी बड़ी हेराफेरी अजय ने अपने साथियों के साथ मिल कर की है.
मामले को लेकर डीसी गुप्ता एंड संस के निदेशक महाराष्ट्र के नवी मुंबई निवासी अमित कुमार गुप्ता (पिता डालचंद गुप्ता) ने बिरनी पुलिस से लिखित शिकायत की है. शिकायत में कहा है कि अजय उसकी कंपनी में एकाउंटेंट था. उसके पास ही तीनों कंपनियों से दिया गया पेट्रो कार्ड रहता था. अजय ने नौकरी छोड़ दी थी, पर उसने घर पर स्थित कार्यालय से तीन पेट्रो कार्ड उड़ा लिये. बाद में अपने साथियों के साथ मिल कर आइडी व पासवर्ड का इस्तेमाल कर नवंबर 2014 से चार जून 2015 तक पेट्रो कार्ड का इस्तेमाल कर 40 लाख रुपये गलत ढंग से निकाल लिये. उड़ायी रकम उसने बैंक ऑफ इंडिया और अन्य खातों में जमा कर ली.
कई चेहरे होंगे उजागर : श्री अंशुमान ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद एसपी के निर्देश पर एक टीम बनायी गयी और बिरनी स्थित आवास से अजय को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद मामले की छानबीन की जा रही है. इस मामले में कुछ और लोगों की संलिप्तता की बात भी सामने आयी है. प्रेस वार्ता में इनके अलावे एसडीपीओ राजकुमार मेहता, पुलिस अधिकारी अजय कुमार साहू भी मौजूद थे.
निदेशक को दी थी धमकी : कंपनी के निदेशक अमित ने अपने आवेदन में कहा है कि इस गड़बड़ी की जानकारी मिलने के बाद वे अजय के घर बिरनी स्थित जमडीहा पहुंचे और अजय को रकम लौटाने को कहा तो अजय ने न सिर्फ राशि लौटाने से इनकार कर दिया, बल्कि धक्का-मुक्की कर मुंबई भाग जाने की धमकी भी दे डाली. कहा कि वह मामले को दबा कर रखें, अन्यथा इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा.
पार्टी में लाखों के खर्च से चर्चित हुआ अजय
अजय की जिंदगी अचानक बदल गयी थी. कुछ महीनों से लाइफ स्टाइल को बदलने वाला अजय पैसे से खेलने लगा था. कुछ दिनों पूर्व अजय के घर पर बर्थ डे पार्टी थी. इस पार्टी में अजय ने तीन से चार लाख रुपये खर्च किये. यह पार्टी चर्चा का विषय बन गयी. यह मामला तब सामने आ गया जब कंपनी के निदेशक अमित कुमार गुप्ता ने अजय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
आरोपी से मिले दो चेकबुक, एक पासबुक व दो मोबाइल
गिरिडीह. मुंबई की डीसी गुप्ता एंड संस नामक कंपनी से गबन के आरोपी बिरनी प्रखंड के जमडीहा निवासी अजय कुमार सिंह के पास से पुलिस ने दो चेक बुक, एक पासबुक एवं दो मोबाइल बरामद किया है. प्रशिक्षु आइपीएस अंशुमान कुमार ने बताया कि बरामद सामग्री की जांच-पड़ताल की जा रही है.
