कड़ी धूप और ऊमस भरी गरमी से मिली निजात, किसानों के चेहरे खिले
गिरिडीह : उमस भरी गरमी व कड़ी धूप से परेशान लोगों को शुक्रवार दोपहर बाद राहत मिली. झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया. तेज हवा के साथ बारिश से लोगों के चेहरे खिल उठे. बच्चों ने बारिश का जमकर लुत्फ उठाया. इधर बारिश होने से किसान भी खुश नजर आये. किसानों ने खेती का काम शुरू कर दिया है.
आंधी ने मचायी तबाही
राजधनवार. शुक्रवार दोपहर बूंदा-बूंदी के साथ आयी आंधी ने क्षेत्र में तबाही मचायी. उपरैली धनवार मुख्य मार्ग पर झोपड़ीनुमा दुकान चला रहे संजय बर्णवाल का छप्पर उड़ जाने से उनके समक्ष रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो गयी है. इस दौरान वे चोटिल होने से भी बाल-बाल बचे. इधर ग्राम कारूडीह में आंधी के दौरान नाजीर मियां की खपरैल व छप्पर उड़ गया.
वज्रपात से मंदिर को क्षति
मधुबन : पारसनाथ पर्वत के कुर्थीबारी स्थित कलीकुंड पाश्र्वनाथ मंदिर में गुरुवार की देर रात को वज्रपात हो गया. इस वज्रपात से मंदिर को आंशिक क्षति पहुंची है. मंदिर में कुछ स्थानों पर दरार पड़ गयी है. जिस वक्त वज्रपात हुआ उस दौरान मंदिर में कोई नहीं था. मामले की जानकारी लोगों को शुक्रवार की सुबह हुई.
