डुमरी : निमियाघाट थाना क्षेत्र के खांखी जंगल के समीप अपराधियों ने गुरुवार को एक व्यक्ति को नशीला पदार्थ खिलाकर 12 हजार रुपये लूट लिये. लूटपाट के बाद अपराधियों ने उसे बांध कर सड़क के किनारे झाड़ी में फेंक दिया.
देर शाम जब उसके परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उसे डुमरी रेफरल अस्पताल में भरती कराया. यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया. बताया जाता है कि निमियाघाट थाना क्षेत्र के कदराडीह निवासी बासुदेव यादव सुरही स्थित एक बैंक से 12 हजार रुपये निकाल करघर लौट रहा था.
खांखी जंगल के समीप पीछे से अपराधियों ने उस पर हमला कर जबरन नशीला पदार्थ खिला दिया और उससे 12 हजार रुपये लूट लिये. शाम को बासुदेव जब घर नहीं लौटा तो परिजन उसकी खोज में निकले. इसी दौरान उन्होंने देखा कि वह सड़क के किनारे झाड़ी में बेहोशी की हालत में पड़ा है. अस्पताल में जब उसे होश आया तो बासुदेव ने घटना की पूरी जानकारी दी.
