बेंगाबाद : बेंगाबाद थाना अंतर्गत झबड़ाटांड़ गांव में बहू को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि गत 25 अप्रैल को बहू कृति देवी घर में अकेली सो रही थी, इसी दौरान सास पार्वती देवी ने उसपर केरोसिन डालकर आग लगा दी. हल्ला सुनकर ग्रामीण जुटे और उसे बेंगाबाद स्थित क्लिनिक में भरती कराया. चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रांची रेफर कर दिया.
कृति देवी के मायके वालों ने रांची स्थित बरियातू थाना में इसकी जानकारी दी. पुलिस ने महिला का फर्द बयान दर्ज किया जिसमें महिला ने बताया कि 25 अप्रैल को उसके पति सीताराम वर्मा मजदूरी करने गये हुए थे और दोनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे.
इसी बीच उसकी सास ने केरोसिन डालकर उसे जलाने का प्रयास किया. कहा कि विवाह के कुछ दिन बाद से ही कई आरोप लगाकर उसे प्रताड़ित किया जाता था. बयान देने के बाद उक्त महिला ने दम तोड़ दिया. परिजनों ने शव को झबड़ाटांड़ ले आये.
बताया जाता है कि बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महछो गांव निवासी शनिचर महतो की पुत्री कृति का विवाह पांच वर्ष पूर्व झबड़ातांड़ गांव निवासी नकुल वर्मा के पुत्र सीताराम से हुआ था. इधर बरयातु थाना के सअनि मीना कुजूर ने कांड संख्या 6227 के तहत बयान दर्ज कर मामले को बेंगाबाद थाना को भेज दिया है. सास पार्वती देवी फरार बतायी जाती है.
