राष्ट्रीय लोक अदालत में 45402 मामलों का निष्पादन

Giridih News :राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार नयी दिल्ली और झालसा रांची के निर्देशानुसार शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया. उद्घाटन प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष मार्तंड प्रताप मिश्रा, कुटुंब न्यायाधीश धनंजय कुमार, जिला व सत्र न्यायाधीश प्रथम मनोज चंद्र झा, पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार, जिला अधिवक्ता संघ के सचिव चुन्नूकांत ने किया.

3.15 करोड़ सुलहनीय राशि व राजस्व की हुई वसूली कार्यक्रम में उपस्थित आमजनों व पक्षकारों को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह के अध्यक्ष मार्तंड प्रताप मिश्रा ने कहा कि आज के इस राष्ट्रीय लोक अदालत में आप सभी पक्षकारगण अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाने के लिए इस प्रांगण में उपस्थित हैं. यह इसकी महत्ता एवं जन-जन तक इसकी पहचान को प्रदर्शित करता है. इस राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आपको सस्ता, सुलभ एवं त्वरित न्याय प्रदान करने हेतु नालसा, नई दिल्ली के निर्देश पर पूरे देश में आज के दिन किया जा रहा है. आज का दिन आमजनों व पक्षकारों को ही समर्पित है. इस राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान पक्षकार अपने मुकदमों को आपसी सहमति व सुलह समझौते के आधार पर निष्पादित करवाकर न सिर्फ मुकदमे बाजी से बच सकते हैं, बल्कि आपस में भाईचारा एवं बंधुभाव स्थापित कर समाज में मिसाल कायम कर सकते हैं. लोक अदालत में आपके आपसी सहमति के आधार पर मामलों का निष्पादन होने की वजह से सामान्य परिस्थितियों में इसमें अपील नहीं होती है, इस कारण से दोनों पक्षकारों के बीच के विवाद को स्थाई रूप से खत्म किया जा सकता है. राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजनों से पक्षकारों को अपने मामलों में त्वरित निष्पादन का लाभ तो मिलता ही है, साथ ही साथ न्यायालय का बोझ भी कम होता है. इस राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलहनीय आपराधिक मामलों, पारिवारिक मामलों, सिविल मामलों, बैंक मामलों, वाहन दुर्घटना वाद से संबंधित मामलों, बिजली, वन, उत्पाद, माप तौल, खाद्य सुरक्षा इत्यादि विभागों से संबंधित मामलों का निष्पादन लोक अदालतों के माध्यम से होने से आम जनों को काफी राहत मिलता है. एसपी डॉ विमल कुमार ने कहा कि पुलिस प्रशासन भी न्यायपालिका के साथ तालमेल स्थापित कर हर संभव मदद करने के लिए तत्पर है. जिला अधिवक्ता संघ के सचिव चुन्नूकांत ने भी इस राष्ट्रीय लोक अदालत के विशेषता एवं महत्ता पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए 13 पीठों का किया गया था गठन कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह के सचिव सफदर अली नैयर ने की. बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु कुल 13 पीठों का गठन किया गया था. आमजनों व पक्षकारों को मदद करने तथा पीठ में निष्पादित किए जाने वाले वादों की सूचना हेतु सभी पीठों में न्यायिक कर्मचारियों एवं पारा लीगल वॉलिंटियर्स की प्रतिनियुक्ति की गई थी. बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में अभी तक प्री लिटिगेशन मामले – एवं लंबित मामले कुल 45402 मामलों का निष्पादन किया गया जिसमें कुल 3 करोड़ 15 लाख 16 हजार 81 रूपए की सुलहनीय राशि संबंधित पक्षकारों को तथा राजस्व के रूप में विभिन्न विभागों को प्राप्त हुआ है. कार्यक्रम में गिरिडीह न्याय मंडल के सभी न्यायाधीशगण, जिला प्रशासन की ओर से सभी विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी, सभी अधिवक्तागण, न्यायिक कर्मचारीगण उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >