गिरिडीह : शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों प्रचंड गरमी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है. लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों का सड़कों पर चलना मुश्किल कर दिया है. पिछले कुछ सप्ताह से शहरी क्षेत्र के लोगों का इस प्रचंड गरमी ने सुबह के वक्त में घरों से निकलना मुश्किल कर रखा है.
सर्वाधिक परेशानी मजदूर वर्ग को है. दो वक्त की रोटी की जुगाड़ में इस प्रचंड गरमी में घर से बाहर निकलना उनकी मजबूरी है. ऐसे में यह गरमी उन पर आफत ढा रही है. बुधवार को शहर में तापमान में भारी इजाफा हो गया. फलत: लोगों को छाते के साथ निकलना पड़ रहा है. सुबह के वक्त लोग घरों से निकलना पसंद नहीं करते हैं, पर सारे जरूरी काम भी पूर्वाह्न ही होते हैं.
बगोदर-सरिया: दो दिनों से अंधेरा, पानी को कर रहे त्रहिमाम
बगोदर. लगातार बढ़ रही गरमी में दो दिनों से बगोदर अंधकार में डूबा हुआ है़ बिजली संकट ने लोगों का जीना दूभर कर रखा है़ बिजली संकट से रोजमर्रा के काम भी मुश्किल हो गय़े इसी के साथ पेयजल के संकट से स्थानीय लोग त्रहिमाम कर रहे हैं.
बिजली-पानी के कारण रोजमर्रा की बढ़ती आफतों के बीच जी रहे लोग इसे विभागीय लापरवाही मानते हैं. विभाग को लेकर लोगों में बढ़ता आक्रोश कभी भी आंदोलन की शक्ल में उभर सकता है. उनका कहना है कि उनके संकटों का अविलंब कोई निदान नहीं होता तो जीटी रोड पर उनका गुस्सा फूट सकता है.
