गिरिडीह : थाना प्रभारियों के लिए जिला में नक्सल गतिविधियों से अपडेट रहना जरूरी है. उन्हें नक्सलियों की योजना व उनकी आवाजाही से अवगत रहना चाहिए. यही नहीं, नक्सल मामलों की अपनी सारी जानकारियों से विभाग को अपडेट रखना उनकी जिम्मेवारियों में शामिल है.
थाना प्रभारियों को यह हिदायत जिला के पुलिस कप्तान एसपी कुलदीप द्विवेदी ने दी. श्री द्विवेदी बुधवार को पुलिस लाइन स्थित कार्यालय में जिला के पुलिस पदाधिकारियों के साथ अपराध की मासिक समीक्षात्मक बैठक कर रहे थे.
विश्वासपूर्ण संबंध पर बल : उन्होंने प्रभारियों को नक्सल इलाकों के ग्रामीणों को अपने विश्वास में रखने की हिदायत दी. इसके अलावा आपराधिक घटनाओं पर भी नजर रखने को कहा. समीक्षा बैठक में उन्होंने एक माह में निष्पादित मुकदमों की जानकारी ली. साथ ही सभी लंबित मामलों का आवश्यक रूप से त्वरित निष्पादन पर बल दिया. कुर्की, वारंट का तामिला शीघ्र करने को कहा.
थाना में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनने की सलाह दी. ग्रामीणों के साथ पुलिस अधिकारियों को मधुर संबंध रखने को कहा. बताया जाता है कि बैठक के क्रम में गावां थाना प्रभारी को एसपी के द्वारा फटकार भी लगायी गयी.
समीक्षा बैठक के सहभागी : बैठक में प्रशिक्षु आइपीएस अंशुमान कुमार, डीएसपी शंभु कुमार सिंह, एसडीपीओ राजकुमार मेहता, प्रशिक्षु डीएसपी प्रदीप पॉल कच्छप, दिलीप खलको, आरके भूषण, पुलिस निरीक्षण विनय कुमार सिंह, अमरनाथ, रामलाल राम, कपिलदेव पोद्दार, अनूप कर्मकार, नगर थाना प्रभारी विमल नंदन सिन्हा, अनि अजय साहू, निमियाघाट थाना प्रभारी आरके राणा,
बेंगाबाद थाना प्रभारी राजीव कुमार, अहिल्यापुर थाना प्रभारी पृथ्वी सेन दास, ताराटांड़ थाना प्रभारी एनके प्रसाद, पीरटांड़ थाना प्रभारी एनबी मिंज, डुमरी थाना प्रभारी श्याम चंद्र सिंह, जमुआ थाना प्रभारी केदार नाथ प्रसाद, देवरी प्रभारी सुनीत कुमार, बगोदर प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह, सरिया थाना प्रभारी केएन सिंह आदि मौजूद थे.
