बेंगाबाद : बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत ककनियाटांड़ के ग्रामीणों ने उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में चरमरायी शिक्षा व्यवस्था को लेकर हंगामा किया. ग्रामीणों का कहना था कि स्कूल में एक शिक्षक व एक शिक्षिका है. दोनों रिश्ते में देवर-भाभी हैं. दोनों में हमेशा विवाद चलता है और इसका खामियाजा स्कूली बच्चे को उठाना पड़ता है.
मामले की सूचना पाकर बीइइओ इशहाक अंसारी, प्रमुख मीणा देवी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत कराया. इस दौरान ग्रामीणों ने बीइइओ को भी खरी-खोटी सुनायी. पारा शिक्षक विमल चंद्र यादव ने आरोप लगाया कि सचिव माधुरी देवी ने दबंगता पूर्वक विद्यालय में 65 बच्चों का नामांकन किया है, जबकि विद्यालय में मात्र पांच बच्चे ही आते हैं.
ग्राम शिक्षा समिति अध्यक्ष को हटाकर फर्जी तरीके से अन्य महिला को अध्यक्ष बनाकर विद्यालय विकास समिति का 30 हजार रुपये की निकासी कर ली है. जबकि रसोइया को हटाकर अपनी ही बेटी को रसोइया रख लिया है. दो वर्षो से बच्चों की छात्रवृत्ति राशि भी हड़प ली है.
इसका विरोध करने पर उनका मानदेय भी बंद कर दिया. इस सबंध में बीइइओ इशहाक अंसारी ने कहा कि अविलंब दोनों का तबादला कर दिया जायेगा. मौके पर नारायण महथा, सीआरपी रतनेस कुमार, जगदीश महतो, भोला यादव, रंजीत यादव, चेतलाल यादव, तरुण यादव, जयनारायण यादव, सरिता देवी, मीना देवी, उषा देवी समेत कई लोग उपस्थित थे.
