पुलिस ने ट्रक को किया जब्त, चालक गिरफ्तार
गिरिडीह : नगर थाना के समीप बुधवार की दोपहर एक ट्रक ने साइकिल सवार कुचल दिया. घटना में साइकिल सवार मुफस्सिल थाना इलाके के महेशलुंडी गांव निवासी महावीर राणा (57 वर्ष)की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया. बताया जाता है कि महेशलुंडी निवासी महावीर राणा अपनी साइकिल से बड़ा चौक की ओर जा रहे थे. नगर थाना के समीप ट्रक ( जेएच09पी/7292 )ने पीछे से धक्का मार दिया.
घटना के बाद नगर पुलिस इंस्पेक्टर अमरनाथ और थाना प्रभारी विमल नंदन सिन्हा मौके पर पहुंचे चालक बोकारो निवासी विनोद कुमार को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया. थाना प्रभारी श्री सिन्हा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है.
बोकारो से गिरिडीह जा रहा था ट्रक : बताया जाता है कि जिस ट्रक से धक्का लगा है वह ट्रक बोकारो से आयरन ओर लादकर गिरिडीह आ रहा था. मृतक के पौत्र उमेश राणा ने बताया कि ट्रक पर खलासी नहीं था.भाजपा नेता कामेश्वर पासवान और समाजिक कार्यकर्ता शिवानाथ साव ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है.
वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग
गिरिडीह : सीसीएल बनियाडीह कोलियरी क्षेत्र में बड़े-बड़े वाहनों के अलावा तेज गति से टेंपो चलने के कारण लोग भयभीत हैं. लोगों का कहना है कि हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. बनियाडीह मुख्य सड़क के अगल-बगल घनी आबादी रहती है. साथ ही डीएवी समेत अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राएं इसी मार्ग से होकर आना-जाना करते हैं. इससे बच्चों के अभिभावक भयभीत हैं.
स्थानीय लोगों ने इस संदर्भ में सीसीएल के परियोजना पदाधिकारी एके राय एवं ट्रक ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र यादव से वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की है.
वहीं सूत्रों का कहना है कि सीसीएल क्षेत्र में संचालित कई ट्रकों में ऐसे चालक हैं, जिनके पास ड्राइविंग लाइसेंस तक नहीं है. पिछले वर्ष एक ट्रक की चपेट में आकर दो लोगों की मौत हो चुकी है.
