गिरिडीह के लिए काला बुधवार

गिरिडीह जिले के लिए बुधवार का दिन काला साबित हुआ. एक ओर डुमरी थाना क्षेत्र के जांगीदीरी में चूना पत्थर की बंद खदान में जमे पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गयी, वहीं दूसरी ओर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में वज्रपात की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गयी. […]

गिरिडीह जिले के लिए बुधवार का दिन काला साबित हुआ. एक ओर डुमरी थाना क्षेत्र के जांगीदीरी में चूना पत्थर की बंद खदान में जमे पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गयी, वहीं दूसरी ओर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में वज्रपात की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गयी.

डुमरी/इसरी बाजार : डुमरी थाना क्षेत्र के जांगीदीरी निवासी जागेश्वर गिरि का पुत्र पंकज गिरि, पिंटू यादव का पुत्र राजेश यादव व महेश यादव का पुत्र विवेक यादव बुधवार की सुबह नहाने के लिए गांव में चूना पत्थर की बंद खदान गये थे. स्नान के क्रम में तीनों बच्चे पानी में डूबने लगे. इसी दौरान वहां से गुजर रहे टेंपो में बैठे कुछ लोगों की नजर खदान के पानी में डूब रहे बच्चे पर पड़ी. उनलोगों ने पानी में कूद कर विवेक यादव नामक बच्चे को बाहर निकाला, जबकि दो बच्चे की पानी में डूबने से मौत हो गयी. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने एक बच्चे का शव खदान से निकाला. समाचार लिखे जाने तक दूसरे बच्चे के शव की तलाश ग्रामीण कर रहे थे.

अधिकारियों ने लिया जायजा : जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक जगरनाथ महतो, अनुमंडल पदाधिकारी पवन कुमार मंडल, सीओ दीप्ति प्रियंका कुजूर, डुमरी थाना प्रभारी श्यामचंद्र सिंह व जिप सदस्य भोला सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. एक साथ दो बच्चे की मौत के बाद पूरा गांव सदमे में है.

राजेश के शव का पता नहीं : विवेक ने ग्रामीणों को बताया कि उसके साथ पंकज गिरि व राजेश यादव भी स्नान कर रहे थे और दोनों पानी में डूब गये. कई लोगों ने पानी में जाकर बच्चों की तलाश शुरू कर दी. कुछ देर के बाद ग्रामीणों ने पंकज गिरि का शव बाहर निकाला. तीनों बच्चे गांव के ही प्राथमिक विद्यालय के छात्र बताये जाते हैं. संभावना व्यक्त की जा रही है कि गुरुवार को गोताखोरों का दल जांगीदीरी पहुंच कर शव को निकालने का प्रयास करेगा.

वज्रपात से तीन लोगों की मौत

गिरिडीह/मधुबन. पीरटांड़ प्रखंड की सिमरकोड़ी पंचायत की बोरा पहाड़ी के पास दोपहर 3.30 बजे बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से परमेश्वर मंडल(19) और सुधीर मंडल (20) की मौत हो गयी. गांव के मुखिया इमामुल अंसारी ने बताया कि दोनों युवक हरलाडीह बाजार से अपने घर जा रहे थे. रास्ते में वज्रपात होने से दोनों उसकी चपेट में आ गये. एक अन्य घटना में मुफस्सिल थाना के अंदुडीह के पास वज्रपात की चपेट में आने से जगमनरायडीह निवासी यूनुस अंसारी (40) की मौत हो गयी है. यूनुस अंसारी मजदूरी का काम करता था. बुधवार को वह अपने घर लौट रहा था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >