माले कार्यकर्ताओं ने एसपी से की शिकायत
गिरिडीह : बंधक बना कर स्टांप लगे सादे कागज पर अंगूठे का निशान लगवाने के आरोप में गावां थाना प्रभारी के खिलाफ माले ने मोरचा खोल दिया है. माले कार्यकर्ताओं ने इसकी शिकायत एसपी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी व विधानसभा के प्रत्यायुक्त समिति से की है.
गावां थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. बताया जाता है कि गावां थाना प्रभारी पर एक ग्रामीण को बंधक बना कर उससे स्टांप लगे सादे कागज पर जबरन अंगूठे का निशान लगा लिये जाने का मामला प्रकाश में आया है. इसके बाद एसपी कार्यालय से इस बाबत संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) को जांच कर प्रतिवेदन सौंपने को कहा गया है. घटना 25 मार्च के शाम की बतायी गयी है. लेकिन पुलिस के भय से पहले तो पीड़ित व्यक्ति ने इसकी शिकायत नहीं की. बाद में जब उसने स्थानीय माले नेताओं से संपर्क किया तो मामला सामने आ सका. विगत 4 अप्रैल को पीड़ित चंद्रिका साव ने गिरिडीह आकर माले नेता सह जिप सदस्य राजेश कुमार यादव से मिलकर उन्हें अपनी व्यथा बतायी.
श्री यादव ने गावां प्रखंड के माले नेताओं तथा अन्य सूत्रों से पुन: संपर्क कर मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे एसपी को आवेदन देने की सलाह दी. एसपी को आवेदन देने की बाद एसपी कार्यालय की ओर से उक्त आदेश निर्गत किया गया. माले विधायक सह विधानसभा प्रत्यायुक्त समिति के सदस्य राजकुमार यादव को भी इसकी सूचना दी गयी है.
उन्होंने गावां थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग एसपी से की है. श्री यादव ने कहा कि वे इस मामले को समाहरणालय में नौ अप्रैल को होने वाले जिला अनुश्रवण समिति की बैठक में उठाएंगे तथा राज्य के वरीय पुलिस पदाधिकारियों से भी बात करेंगे. अगर गावां थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जायेगा.
