जमुआ : जमुआ थाना अंतर्गत मिर्जागंज निवासी पंकज साव की मौत गुरुवार की सुबह ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में छत से गिरकर हो गयी. वह सुबोध साव के ज्येष्ठ पुत्र थे और महिंद्रा कंपनी में बतौर इंजीनियर चेन्नई में कार्यरत थे. 15 दिन पूर्व कंपनी के प्रशिक्षण कार्य से सिडनी गये थे.
गुरुवार को भारतीय समयानुसार सुबह छह बजे और ऑस्ट्रेलिया के अनुसार रात डेढ़ बजे पंकज बनारस में रह रही अपनी पत्नी अमृता गुप्ता से मोबाइल से बात करने के क्रम में छत की रेलिंग टूटने से तीसरी मंजिल से गिर पड़े और उनकी मौत हो गयी. पंकज की मौत से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. सिडनी में टेक महिंद्रा कंपनी के मिस्टर सुब्रतो के अनुसार पंकज का शव भारत आने में करीब एक सप्ताह का समय लगेगा. मिली जानकारी के अनुसार पंकज की शादी चार माह पूर्व हुई थी और होली का त्योहार मिर्जागंज में बिताने के बाद वह चेन्नई गये थे.
इधर जमुआ प्रखंड प्रमुख सोनी चौरसिया ने पूरे घटनाक्रम पर दु:ख जताते हुए इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि वे ऑस्ट्रेलिया में भारतीय दूतावास को पत्र लिखेंगे और पंकज का शव भारत लाने का प्रयास किया जायेगा. प्रमुख ने बताया कि पंकज को सिडनी के मरक्यूस पार्क के अपार्टमेंट में रखा गया था.
जहां छत की रेलिंग टूटना यह दर्शाता है कि निजी कंपनियां भारत के होनहार युवकों को कैसी घटिया जगहों पर ठहराती है. इधर पंकज की मौत की खबर से मिर्जागंज व जमुआ के लोग मर्माहत है. इस घटना पर सुरंजन सिंह, शिवपूजन साव, सीता साव, मुखिया अंजु गुप्ता, दशरथ साव, विजय साव, रंजीत गुप्ता, रामजी साव समेत कई लोगों ने शोक व्यक्त किया है.
