बगोदर : बगोदर पुलिस ने गत 22 मार्च कोबगोदर-सरिया रोड स्थित जमुनिया मोड़ के पास साढ़े 12 लाख की लूट मामले में संलिप्त दो अपराधियों को गिरफ्तार कर बुधवार को गिरिडीह जेल भेज दिया है़ घटना के नौ दिनों के अंदर ही बगोदर पुलिस ने मामले का उद्भेदन कर लिया है.
बगोदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि अपराधी पाली साव पिता स्व. जगदीश साव, ग्राम राघोपुर, थाना फतेहपुर, जिला वैशाली तथा राजेश गुप्ता, पिता स्व. ध्रुप नारायण गुप्ता ग्राम सरिया जिला गिरिडीह के निवासी है़ 22 मार्च को दिन दहाड़े जमुनिया मोड़ के समीप स्कॉर्पियो गाड़ी (जेएच10एस-0488) में सवार तीन व्यवसायियों को गोली मार कर घायल कर दिया गया था और उनसे साढ़े 12 लाख रुपये लूट लिये थे. गिरफ्तार अपराधी पाली साव ने पुलिस के समक्ष स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि वह पिछले आठ वर्ष से महेश अग्रवाल के घर में नौकर का काम करता था़ गिरोह का सरगना शक्ति लगातार मोबाइल से मुझसे बात करता था.
गत 22 मार्च को जब व्यवसायी सरिया से पैसे लेकर निकले तो पाली साव ने फोन कर शक्ति उर्फ गुड्डू को सूचना दी़ इसके बाद शक्ति अपने सहयोगियों के साथ इनोवा गाड़ी से पीछा कर जमुनिया मोड़ के समीप व्यवसायियों से रुपये लूट लिये. अपराधियों ने व्यवसायियों के सरिया से निकलते ही राजेश गुप्ता को इसकी सूचना देने को कहा था. इसी सूचना पर ही अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया़ इस मामले में व्यवसायी हरपाल सिंह तथा सुधीर वर्मा अपराधियों की गोली से घायल हो गये थे. इसमें से सुधीर वर्मा की मौत रांची ले जाने के क्रम में रास्ते में ही हो गयी थी.
पुलिस ने बताया कि अपराधियों ने राजेश गुप्ता व पाली साव को 50 हजार रुपये देने की बात कही थी. जिसमें पांच हजार रुपये राजेश गुप्ता को दिये जा चुके हैं. गिरफ्तार दोनों अपराधियों ने बगोदर पुलिस को सरगना शक्ति उर्फ गुड्ड के अलावा इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी दी है. गिरफ्तार राजेश कुमार गुप्ता वर्ष 1999 जय नगर थाना से डकैती कांड में जेल जा चुका है़ बगोदर पुलिस अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पुलिस ने दावा किया है कि बाकी अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जायेगा़ अपराधियों के पास से एक खाली बैग व दो मोबाइल बरामद किया गया है.
