गिरिडीह : छात्रों के लिए खुशखबरी, यदि कोई कमेंट करे, टीचर्स परेशान करें, घर में कोई प्रॉब्लम हो, तो अब इसकी शिकायत करने के लिए, मदद पाने के लिए और सलाह के लिए बस एक नंबर डायल करें. तुरंत इसकी जानकारी सीबीएसइ के पास पहुंच जायेगी और कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू हो जायेगी.
स्कूली बच्चों की यौन प्रताड़ना की बढ़ती घटनाओं और छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर बोर्ड ने नये सत्र से 1098 टॉल फ्री नंबर छात्रों को उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है. प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुल ऑफेंस (पीओसीएसओ) एक्ट, 2012 के तहत स्टूडेंटस को स्कूल में सुरक्षा के लिए इसकी शुरुआत की गयी है. इस एक्ट को क्लास वन से 12वीं तक लागू किया जायेगा. नये सेशन से सभी छात्रों को 1098 टॉल फ्री नंबर दिया जायेगा.
उनकी स्कूली डायरी में के साथ-साथ स्कूल के नोटिस बोर्ड पर भी इसका उल्लेख होगा. अभिभावकों व बच्चों को इसके प्रति जागरूक करने के लिए स्कूलों में सचेतनता अभियान चलेगा. किन परिस्थितियों में इसका उपयोग करना है, इसकी जानकारी भी स्कूल के स्तर से मिलेगी. यह नंबर सीबीएसइ की वेबसाइट से जुड़ा रहेगा.
