गिरिडीह: नगर थाना क्षेत्र के भंडारीडीह में गुरुवार की दोपहर स्थानीय निवासियों ने ठगी का आरोप लगाकर कुछ लोगों को बंधक बना लिया. इससे काफी देर तक यहां हंगामा हुआ. बाद में पुलिस पहुंची और बंधक बनाये गये पांच लोगों को थाना ले गयी. जहां पूछताछ करने के बाद सभी को छोड़ दिया गया.
बताया जाता है कि एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कुछ लोग भंडारीडीह इलाके में गये थे. इसी दौरान लोगों का जमावड़ा लग गया. लोगों का कहना था कि उक्त कंपनी फर्जी है और महिलाओं को ठग रही है. हालांकि जिन लोगों को पकड़ा गया था, उनका कहना है कि वे लोग महिलाओं के समूह को ऋण देते हैं. उनपर लगाया गया आरोप झूठा है. इधर नगर थाना प्रभारी विमल नंदन सिन्हा ने कहा कि बंधक बनाये गये लोगों को थाना लाया गया था. परंतु न तो किसी ने लिखित शिकायत की और न ही कोई थाना पहुंचा. बाद में लोगों ने आपस में ही सुलह कर लिया.
