गांडेय : राष्ट्रीय युवा नेता व नेतृत्व कार्यक्रम के तहत सोमवार को नेहरू युवा केंद्र व यूथ फोर्स क्लब के संयुक्त तत्वावधान में युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पंचायत के मुखिया भरतलाल शर्मा मौजूद थे. उन्होंने कहा कि सरकार नित नयी-नयी योजनाएं चला रही है.
योजनाओं को धरातल में उतारने के लिए युवा नेतृत्व को जागरूक होना होगा. युवा पीढ़ी शिक्षा, खेल व विकास के क्षेत्र में आगे बढ़े और देश गढ़ें. पंसस प्रमोद पंडित ने युवाओं को क्षमता विकास के प्रति गंभीर होने का आह्वान करते हुए सुशासन को बढ़ावा देने की बात कही. विषय प्रवेश कराते हुए एनवाइसी के दीपक कुमार पाठक ने स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, निर्मल भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत सुकन्या समृद्धि योजना आदि पर चर्चा की.
उन्होंने कहा कि एनवाइके श्रमदान शिविरों के आयोजन पर युवा मंडल पुरस्कार योजना प्रारंभ की है. प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले युवा मंडल को आठ हजार व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को चार हजार रुपये देकर पुरस्कृत किया जायेगा. मौके पर नरेंद्र गुप्ता, संजीव पाठक, संजीव गुप्ता, तारकेश्वर गुप्ता, विनोद हांसदा, मृत्युंजय पाठक, दीपक वर्मा, सुभाष पाठक समेत कई मौजूद थे.
