पीरटांड़ : पीरटांड़ थाना इलाके के मांझीडीह के पास शनिवार की शाम को यात्रियों से भरा एक ऑटो पलट गया. इस घटना में ऑटो पर सवार चार लोग घायल हो गये. घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया.
सदर अस्पताल में घायल डुमरी प्रखंड के छछन्दो निवासी मणी कोल व कौशल्या देवी, डोमीसीमर निवासी मिथुन कोल और पीरटांड़ के सीमरबेड़ा निवासी लोगोनी देवी का इलाज चल रहा है. इस संदर्भ में घायलों ने बताया कि ऑटो पर सवार होकर हमलोग गिरिडीह से डुमरी की ओर जा रही थे. ऑटो पर आठ लोग सवार थे. मांझीडीह के पास चालक का नियंत्रण बिगड़ गया. इससे ऑटो पलट गया.
राजधनवार. खोरीमहुआ-धनवार मुख्य मार्ग पर लाल बाजार के पास एक तेज रफ्तार बाइक के धक्के से स्थानीय महिला मरजीना खातून पति मो. इसरैल गंभीर रूप से जख्मी हो गयी. उसके सिर पर चोट लगी है. रेफरल हॉस्पिटल धनवार में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स ले जाया गया है. घटना दोपहर लगभग दो बजे की है. जानकारी के अनुसार बाइक सवार परीक्षार्थी था.
गांडेय. शुक्रवार की देर शाम सड़क दुर्घटनामें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना गिरिडीह-जामताड़ा मार्ग पर घटी. बताया जाता है कि अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के रसनजोरी निवासी मुरली राणा गिरिडीह से अपने घर जा रहा था. इस दौरान मुरलीपहाड़ी के पास बाइक असंतुलित होकर पलट गयी. इस घटना में मुरली राणा के सिर व चेहरे पर चोटें आयी हैं. स्थानीय लोगों ने आनन-फानन उसे गिरिडीह ले गये. जहां उसका इलाज चल रहा है.
