जमुआ : जमुआ थाना अंतर्गत मेदनीटांड़ गांव की एक विवाहिता ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है. जमुआ थाना को दिये आवेदन में हेमंती देवी पति सिकंदर दास ने कहा कि उसकी शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी. शादी के वक्त उसके पिता ने यथाशक्ति दान-दहेज भी दिया था.
शादी के छह माह ही वह ससुराल में ठीक ढंग से रही. इसके बाद दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जाने लगा. दहेज नहीं लाने पर पति सिकंदर दास, ससुर दशरथ दास, सास सेवकी देवी, ननद पिंकी कुमारी व एक अन्य रिश्तेदार जगदीश दास ने खाना-पीना बंद कर दिया. ससुराल वाले नैहर से सोने की चैन तथा एक लाख नगद मांग कर लाने का दबाव बनाते थे.
दहेज की राशि नहीं लाने पर पिटाई भी की जाती थी. 16 फरवरी को उसे मारपीट कर बाहर भी निकाल दिया गया था. इस बाबत पीड़िता के आवेदन पर जमुआ थाना में कांड संख्या 63/15 भादवि की धारा 323, 498ए, 379/34 के तहत मामला दर्ज किया गया है. जमुआ थाना प्रभारी सह प्रशिक्षु डीएसपी दिलीप खलको ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है.
