पीरटांड़ : पीरटांड़ थाना पुलिस ने सब्जियों की आड़ में नकली शराब के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है. सब्जी लदे मालवाहक से विदेशी शराब की पेटियां जब्त की हैं. पीरटांड़ थाना प्रभारी उपेंद्र राय ने गुरुवार की सुबह अनि अनिश कुमार पांडेय के साथ बराकर नदी के समीप वाहनों की चेकिंग शुरू की.
इसी दौरान सब्जी लदे मालवाहक की जांच की तो उसमें शराब की पेटियां मिलीं. साथ ही दो लोगों को पकड़ा गया. पकड़े गये लोगों में बोकारो जिला के चास निवासी रहनेवाले आकाश कुमार पांडेय व दुंदीबाग के आनंद कुमार शामिल हैं. मामले की सूचना पर डुमरी एसडीपीओ नीरज कुमार सिंह व पुलिस इंस्पेक्टरदिनेश कुमार सिंह भी पीरटांड़ थाना पहुंचे और गिरफ्तार युवकों से पूछताछ की गयी. मामले की जानकारी गुरुवार को प्रेस वार्ता में पुलिस अधिकारियों ने दी.
डुमरी में लोड होती है शराब: पुलिस ने पूछताछ में पकड़ाये आकाश व आनंद से इस गोरखधंधे में शामिल लोगों की जानकारी भी ली पता चला कि जीटी रोड में घंघरी टॉल प्लाजा के पास वाहन को हैंडओवर कर दिया जाता है. यहां से वाहन डुमरी थाना इलाके के तिरंगा मोड़ पहुंचता है, जहां पर वाहन पर नकली शराब को लोड की जाती है. पूछताछ में दोनों युवकों ने यह भी बताया कि बिहार के लखीसराय जब वाहन पहुंच जाता तो उसे अगल लोकेशन मिलता कि शराब को कहां पर पहुंचाना था.
कैरेट में रखा था कद्दू-खीरा : पुलिस ने जिस जेएच 09 एसी 4230 नंबर के वाहन को पकड़ा है उसपर सामने की तरफ सब्जियों के कैरेट लदे थी. इन कैरटों में कद्दू-खीरा भरा हुआ था. पहली बार जब पुलिस ने वाहन को रोका तो चालक ने पुलिस को चकमा देने का प्रयास किया. पुलिस को कहा गया कि पूरी गाड़ी चेक कर लीजिये, सभी कैरेट में सब्जियां हैं. जब जवानों ने वाहन को चेक किया तो पीछे शराब की पेटियां मिलीं.
