गिरिडीह : पचंबा थाना इलाके के बोड़ो में सेवानिवृत्त राजस्व कर्मचारी अली बख्श (60) की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. रविवार की रात अली बख्श बोड़ो स्थित अपने घर में सोये थे. घर के दूसरे कमरों में उनकी पत्नी, पुत्र, पुत्रियां सोये हुए थे. रात लगभग 2.30 बजे अली बख्श को एक फोन आया और वह उठकर घर के बाहर के कमरे में गये.
यहीं पर खिड़की से किसी ने गोली मार दी, जो उनके सिर में जा लगी. गोली की आवाज सुन कर घर के सदस्य जगे और जैसे ही बाहर के कमरे में पहुंचे तो देखा कि वह खून से लथपथ हैं और जमीन पर गिरे पड़े हैं. परिजनों ने इसकी सूचना तत्काल पचंबा थाना प्रभारी शर्मानंद सिंह को दी गयी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के अलावा पुलिस पदाधिकारी उमेश कुमार सिंह, सुधीर कुमार व दाउद बाड़ा दलबल के साथ पहुंचे. खून से लथपथ अली बख्श को सदर अस्पताल लाया गया, जहां पर उन्हाेंने दम तोड़ दिया.
