बगोदर : बगोदर थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर स्थित मंझलाडीह गांव के समीप गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे हुए दो बाइकों की टक्कर में गंभीर रूप से जख्मी संजय कुमार (20 वर्ष) की मौत हो गयी. दूसरी बाइक पर सवार एक व्यक्ति भी जख्मी हो गया है, जिसका इलाज स्थानीय स्तर पर ही किया जा रहा है.
बताया जाता है कि गुरुवार दोपहर जीटी रोड पर मंझलाडीह के पास माहुरी निवासी संजय कुमार अपनी बाइक से घर जा रहे थे. इसी क्रम में मंझलाडीह के समीप सामने से आ रही एक बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गयी. इस घटना में संजय गंभीर रूप से जख्मी हो गया था. स्थानीय लोगों ने उसे हरिहर धाम स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था.
वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देख रांची मेडिका हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान शाम करीब छह बजे उसने दम तोड़ दिया. वहीं इस घटना में दूसरे बाइक सवार को हल्की चोट आयी है. घटना की सूचना पाकर परिजनों का रो-रोकर बुरा है.
