खिरोधर महतो की पश्चिमी अफ्रीका में तथा जागेश्वर महतो की आंध्र प्रदेश में हुई थी मौत
बगोदर : बगोदर थाना क्षेत्र की दोदलों पंचायत के ढिबरा निवासी खीरोधर महतो व तिरला निवासी जागेश्वर महतो का शव बुधवार देर शाम को बगोदर पहुंचा. शवों के गांव पहुंचते ही लोगों की भीड़ जुट गयी. वहीं परिजन दहाड़ मारकर राेने लगे. इससे माहौल गमगीन हो गया. विदित हो कि मृतक प्रवासी मजदूर खिरोधर महतो छह महीने पहले रोजी-रोटी की तलाश में पश्चिमी अफ्रीका के सिएरा लियोन गया था.
वहां बीमार होने के कारण उसकी मौत तीन मई को ही हो गयी थी. इसे लेकर वहां पर स्थानीय मजदूर शव को गांव भेजने व उचित मुआवजा की मांग को ले विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. अंतत: कंपनी को झुकना पड़ा और 13 दिन बाद शव गांव भेजा गया.
कंपनी प्रतिनिधि राजेश कुमार सिंह शव को रांची एयरपोर्ट तक लेकर पहुंचे. शव को लेने के लिए माले प्रखंड सचिव पवन महतो, समाजसेवी भुनेश्वर महतो, मुखिया प्रतिनिधि कौलेश्वर महतो, जिप सदस्य प्रतिनिधि लखन महतो, ससुर प्रेमचंद महतो, पंचम महतो, तुलसी महतो भी पहुंचे थे.
इधर, प्रवासी मजदूर जागेश्वर महतो की मौत भी बीते सोमवार को आंध्रप्रदेश में टावर में काम करने के दौरान करंट लगने से हो गयी थी. उसका शव भी गांव पहुंचा. शव के पहुंचते ही गांव का माहौल गमगीन हो गया. शव का अंतिम संस्कार स्थानीय नदी में देर रात को कर दिया गया.
