बगोदर प्रखंड के चौधरीबांध का मामला
रसोई गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं से रुपये लेने का आरोप
हंगामा के बाद वापस की गयी राशि
बगोदर : बगोदर प्रखंड के चौधरीबांध के उपभोक्ताओं ने मंगलवार को इंडेन गैस एजेंसी (कुलगो)के कर्मचारियों का घेराव किया. नेतृत्व स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि प्रेमचंद साहू कर रहे थे. ये लोग इंश्योरेंस के नाम पर प्रति उपभोक्ता 180 रुपये की वसूली का विरोध कर रहे थे. मौके पर उपस्थित एजेंसी के संचालक घनश्याम साहू ने लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया. इंश्योरेंस के नाम पर वसूले गये रुपये 15 उपभोक्ताओं को वापस किये गये.
मुखिया प्रतिनिधि प्रेमचंद साहू ने कहा कि उपभोक्ताओं से इंश्योरेंस के नाम पर गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने प्रति उपभोक्ता 180 रुपये वसूले हैं. कहा है कि इस संबंध में सरकार के आदेश संबंधित मांग पर कोई दस्तावेज एजेंसी ने नहीं दिखाये. एजेंसी की ओर से खुद से प्रिंट किये गये दस्तावेज दिखाये जा रहे थे. विजय रजक, रामेश्वर साव, हीरालाल साव, स्व. सेवा यादव की पत्नी, विनोद ठाकुर आदि उपभोक्ताओं से वसूली गयी राशि को वापस किया गया है.
