जामताड़ा के रहनेवाले हैं दोनों युवक
गिरिडीह : फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों के बैंक खाते से रकम निकालने वाले दो साइबर अपराधियों को गिरिडीह साइबर पुलिस ने पकड़ा है. पकड़े गये आरोपियों में जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना अंतर्गत सियाटांड़ निवासी अजय मंडल व चरकू मंडल है. यह जानकारी मंगलवार की शाम को साइबर डीएसपी संदीप सुमन समदर्शी ने दी.
बताया कि सूचना मिली थी कि जामताड़ा जिले के साइबर अपराधी इन दिनों महेशमुंडा इलाके में आकर लोगों को फोन करते हैं और बैंक खाते तथा एटीएम का डिटेल लेकर भुक्तभोगियों के खाते से रकम निकाल लेते हैं.
इस सूचना पर मंगलवार की सुबह महेशमुंडा रेलवे स्टेशन के समीप छापेमारी की गयी और दोनों को गिरफ्तार किया गया. दोनों युवकों के पास मिले तीन स्मार्ट मोबाइल में दूसरे के खाते से रकम निकालने की जानकारी मिली है. वहीं दोनों ने अब तक 12 लाख से अधिक की ठगी करने की बात को स्वीकार की है. बताया कि इनके मोबाइल में कई वॉलेट मिले हैं, जिन्हें खंगाला जा रहा है.
दबिश के बाद गिरिडीह में डेरा डाल रहे हैं अपराधी : साइबर डीएसपी संदीप ने बताया कि हाल के दिनों में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिसिया दबिश बढ़ी है. पुलिस की दबिश के कारण गिरिडीह के साइबर अपराधी जामताड़ा की ओर जाकर तो जामताड़ा के अपराधी गिरिडीह में आकर ठगी कर रहे हैं. इन दोनों की गिरफ्तारी से अन्य साइबर अपराधियों के संदर्भ में भी जानकारी मिलेगी.
