लोदना : लोदना ओपी क्षेत्र के लोदना छह नंबर में रहनेवाले बीसीसीएल कर्मी मिश्री भुईयां के पुत्र मुकेश भुईयां ने शनिवार की रात अपनी पत्नी अनिता देवी (20) की हत्या गला घोंट कर कर दी. घटना के समय आरोपी नशे में था. हत्या की सूचना पर मौके पर पहुंची लोदना पुलिस ने शव का पंचनामा बना उसे पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
अनिता का विवाह चार माह पूर्व मुकेश के साथ कतरास के लिलोरी स्थान में हुआ था. मुकेश को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था. इसको लेकर हमेशा पत्नी से विवाद होता रहता था. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया. मायके वालों ने उसका दाह-संस्कार रविवार की शाम मोहलबनी श्मशान घाट पर किया.
पुलिस ने बताया कि मुकेश भुईयां शनिवार की रात नशे में धुत होकर घर आया. इस दौरान अनिता देवी उर्फ रूपा से किसी बात पर विवाद हो गया. आक्रोशित मुकेश ने अनिता की जमकर पिटाई की और गला दबा दिया. उसकी तत्क्षण मौत हो गयी.
शोर मचा घरवालों को जगाया : हत्या करने के बाद मुकेश ने अनिता को बिस्तर पर लेटा दिया और स्वयं उसकी बगल में सो गया. थोड़ी देर बाद जब अनिता नहीं उठी तो उसने शोर मचाना शुरू किया. शोर सुन मुकेश का बड़ा भाई चैता भुईयां, भाभी शांति देवी पहुंचे. वे लोग अनिता को उठाकर फूसबंगला स्थित एक निजी नर्सिंग होम में ले गये. वहां चिकित्सकों ने अनिता को मृत घोषित कर दिया. लोदना में रहनेवाले अनिता के एक रिश्तेदार ने दूरभाष पर इसकी सूचना केंदुआडीह स्थित मायके वालों को दी. मृतका का भाई रिंकू भुईयां, बड़ी बहन संगीता देवी, मां जमनी देवी व अन्य परिजन लोदना पहुंच गये. इन लोगों ने मुकेश को पकड़ उसकी जम कर पिटाई की.
पत्नी काे हमेशा पिटता था आरोपी : चर्चा है कि मुकेश को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था. बड़ी भाभी शांति देवी के भतीजे राजकुमार भुईयां के साथ संबंध के शक में वह हमेशा अनिता के साथ मारपीट करता था. राजकुमार अपनी फुआ के घर में ही रहता है. शांति देवी का कहना था कि मुकेश अपनी पत्नी के साथ अलग रहता था. उससे उनका कोई लेना-देना नहीं था.
आरोपी ने कहा, अनिता ने की आत्महत्या
जब मुकेश से अनिता की मौत का कारण पूछा गया तो उसने कहा कि उसने आत्महत्या कर ली है. मायके वालों ने रविवार की सुबह आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया. परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने व हत्या का आरोप लगाया है. भाई रिंकू ने लोदना ओपी में शिकायत की है. उसने मिश्री भुईयां, चैता भुईयां, मुकेश भुईयां, शांति देवी व राजकुमार भुईयां को आरोपी बनाया है.
रिंकू ने पुलिस को बताया कि उसकी छोटी बहन अनिता का विवाह मुकेश से 16 जुलाई को हुआ था. शादी में 80 हजार नकद, एक हीरो स्पलेंडर बाइक व अन्य जरूरी सामान दहेज के रूप में दिया गया था. मृतका पांच बहन व एक भाई थी. पिता का पहले ही देहांत हो चुका है.
