गिरफ्तार डकैत से सरगना का राज उगलवायेगी पुलिस, रिमांड पर लेगी

गिरिडीह : संगठित बैंक डकैती गिरोह (माधव गिरोह) के अहम सदस्य राजेश दास को गया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. राजेश ने बेंगाबाद में वर्ष 2017 में हुई 28 लाख की बैंक डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार भी कर ली है. राजेश को रिमांड पर लेने की तैयारी गिरिडीह की बेंगाबाद पुलिस ने भी शुरू […]

गिरिडीह : संगठित बैंक डकैती गिरोह (माधव गिरोह) के अहम सदस्य राजेश दास को गया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. राजेश ने बेंगाबाद में वर्ष 2017 में हुई 28 लाख की बैंक डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार भी कर ली है. राजेश को रिमांड पर लेने की तैयारी गिरिडीह की बेंगाबाद पुलिस ने भी शुरू कर दी है. अब राजेश के सहारे पुलिस इस गिरोह के सरगना माधव चंद्र दास तक पहुंचने की फिराक में है. बताया जाता है कि राजेश गया के परैया थाना क्षेत्र के पहरा गांव का रहनेवाला है और माधव भी यहीं का निवासी है.
यह भी कहा जा रहा है कि राजेश माधव के दूर का रिश्तेदार भी है. ऐसे में राजेश के पास माधव की कई महत्वपूर्ण जानकारी है. गिरिडीह पुलिस राजेश को रिमांड पर लेकर माधव के हर राज को जानने का प्रयास करेगी. बता दें कि माधव एक अंतरराज्यीय बैंक डकैती गिरोह का सरगना है. गिरिडीह के मकतपुर में सेंट्रल बैंक में हुई डकैती, पचंबा एसबीआइ में हुई डकैती, बेंगाबाद व इसरी बाजार में हुई बैंक डकैती में उसका नाम हमेशा आता रहा है.
इसके अलावा गोमिया, मिहिजाम, बिहार के बांका समेत ओडिशा, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल में हुई कई बैंक डकैती में भी इसी गिरोह के शामिल रहने की बात कही जाती रही है. ऐसे में इन पांचों राज्यों की पुलिस पिछले कई वर्षों से माधव की तलाश करती रही है, लेकिन यह शातिर पुलिस की पकड़ में अभी तक नहीं आ सका है.
पचंबा-बेंगाबाद डकैती में शामिल गिरोह के सदस्य हो चुके हैं गिरफ्तार : गिरिडीह के पचंबा व बेंगाबाद में हुई डकैती के बाद गिरिडीह पुलिस ने कई दफा माधव को पकड़ने के लिए दबिश दी. गिरिडीह पुलिस की टीम माधव की खोज में ओडिशा, बिहार से लेकर गुरूग्राम तक पहुंची, लेकिन माधव को पकड़ नहीं सकी. हालांकि ओडिशा पुलिस ने इस गिरोह के तीन सदस्य गया के आमस के रामाशीष चौधरी, बिहार के ही श्वेत चौधरी एवं गिरिडीह के साठीबाद के सोनू को गिरफ्तार किया था.
इन तीनों गिरफ्तार अपराधियों का नाम पचंबा डकैती में आया था. जबकि फरवरी 2018 में गिरिडीह व जामताड़ा पुलिस ने मलखान व बाद में शब्बीर को पकड़ा जो इसी गिरोह के सदस्य है और बेंगाबाद बैंक डकैती में शामिल थे. गया पुलिस के पकड़ में आये राजेश दास ने भी अभी तक 18 डकैती की घटना में संलिप्तता स्वीकार की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >