देवरी : बीते शुक्रवार की सुबह में अमानवीय हरकत का शिकार हुए युवक ने अपनी मां के साथ देवरी थाना पहुंचकर अपनी आप बीती बतायी. पीड़ित ने बताया कि गुरुवार की शाम को वह खजमुंडा गया था. रात में वह गांव में घूम रहा था. इसी दौरान दो युवक उसके पास आये और बोला कि टावर में उनका मोबाईल चार्ज में लगा हुआ है. जाकर ले आओ जब मोबाइल लेकर आने लगा तो टावर में मौजूद तीन लोग आये और पकड़ कर टावर ले गये जहां पर रात भर पिटाई करते रहे.
सुबह में मुझे पकड़ कर कोदंबरी बाजार ले गये जहां पर मेरे कपड़े उतरवाये गये. इसके बाद नाई को बुलवाकर बाल कटवा दिया गया. इस दौरान जूता व चप्पल की माला पहनाकर पूरे बाजार में घुमाया गया. इस दौरान लोग दो घंटे तक बाजार में घुमाते रहे और गाली-गलौज व मारपीट की. बता दें कि बीते शुक्रवार को मोबाइल चोरी के आरोप में लोगों ने एक युवक को जूता-चप्पल की माला पहनाकर कोदंबरी बाजार में घुमाया था.
इस मामले में देवरी थाना में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. इसकी पुष्टि थाना प्रभारी केदारनाथ प्रसाद ने की. इधर, मामले के एक आरोपी दीपक कुमार दूबे उर्फ रोमियो ने एसपी को आवेदन देकर स्वयं को निर्दोष बताया है. कहा कि इस मामले में उसे बेवजह फंसा दिया गया है.
