Giridih News : आरा मशीन व दो लाख की लकड़ी जब्त

Giridih News : वन विभाग ने अवैध आरा मिल के खिलाफ की कार्रवाई

Giridih News : प्रतिनिधि, बेंगाबाद. बेंगाबाद क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चल रही अवैध आरा मिल की सूचना को वन विभाग ने गंभीरता से लिया है. बुधवार को कर्णपुरा पंचायत के बिजलीबथान में छापेमारी करते हुए विभागीय टीम ने अवैध तरीके से संचालित आरा मिल को ध्वस्त कर दिया. वहां से भारी मात्रा में लकड़ियों के साथ-साथ आरा मिल को उखाड़कर कब्जे में करते हुए रेंज कार्यालय ले आये.

अवैध कारोबारियों में हड़कंप :

छापेमारी टीम का नेतृत्व रेंजर एसके रवि कर रहे थे. अभियान में खुरचुट्टा, गिरिडीह, पारसनाथ रेंज के वनरक्षी शामिल थे. सात बजे शुरू हुई छापेमारी दस बजे तक चली. ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए विभाग ने आरा मिल को पूरी तरह नष्ट कर दिया. इधर, छापेमारी की कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित अन्य आरा मिल संचालकों में हड़कंप मच गया.

प्रभात खबर ने उठाया था अवैध आरा मिल संचालन का मामला :

विदित हो कि जिले के विभिन्न स्थानों पर अवैध तरीके से संचालित आरा मिलों के मामले को प्रभात खबर ने प्रमुखता से उठाया था. गत तीन अप्रैल के अंक में समाचार प्रकाशन के बाद विभागीय टीम मामले की जांच-पड़ताल में जुट गयी थी. अवैध आरा मिल संचालन की सूचना के बाद पूर्वी व पश्चिमी वन प्रमंडल के अधिकारी हरकत में आ गये. डीएफओ के निर्देश पर गांडेय, बगोदर, मुफस्सिल इलाके में संचालित विभिन्न आरा मिलों में छापेमारी की कार्रवाई करते हुए आरा मिलों को ध्वस्त किया गया था. इसके बाद भी क्षेत्र में अवैध तरीके से कई अन्य स्थानों पर आरा मिलों का धड़ल्ले से संचालन हो रहा था.

प्रभार ग्रहण करने के बाद नये रेंजर ने की कार्रवाई : बेंगाबाद में नये रेंजर एसके रवि के पदभार ग्रहण करने के दो दिन बाद ही बिजलीबथान में अवैध आरा मिल में छापेमारी की गयी. इससे अवैध तरीके से आरा मिल संचालन करने वाले धंधेबाजों में हड़कंप मच गया है. रेंजर एसके रवि ने कहा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह से नकेल कसा जायेगा. फिलहाल बिजलीबथान में आरा मिल को ध्वस्त करते हुए मशीन के साथ साथ दो लाख रु मूल्य की विभिन्न प्रजातियों की लकड़ियों को जब्त किया गया है. संचालक की पहचान करते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. कहा कि बेंगाबाद के और स्थानों पर अवैध आरा मिलों के संचालन की जानकारी मिली है. शीघ्र ही टीम गठित कर छापेमारी की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By MANOJ KUMAR

MANOJ KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >