रंका. पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण रंका स्थित नक्षत्र वन (पार्क) का संपर्क मार्ग बाधित हो गया है. पार्क जाने वाले रास्ते पर बना बांध तेज पानी के बहाव में टूटकर बह गया. इससे नक्षत्र वन आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जानकारी के अनुसार, नक्षत्र वन में बने चेक डैम (बीयर) के ऊपर से लगातार पानी का तेज बहाव हो रहा था.
बारिश के कारण पानी का दबाव बढ़ने से पार्क जाने वाले मार्ग पर बना बांध टूट गया. बांध का निर्माण करीब छह माह पहले ही पूरा हुआ था. निर्माण के कुछ ही समय बाद भारी बारिश में बांध के क्षतिग्रस्त होने से इसकी मजबूती और निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं. बांध टूटने के बाद रास्ते का एक हिस्सा भी तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गया है. फिलहाल इस मार्ग से नक्षत्र वन तक पहुंचना मुश्किल हो गया है.
इससे पार्क में आने वाले पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त बांध की शीघ्र मरम्मत कराकर आवागमन बहाल कराने की मांग की है. लोगों ने छह माह पहले बने बांध के टूटने की तकनीकी जांच कराने की भी मांग की है, ताकि निर्माण की गुणवत्ता और जल निकासी की व्यवस्था की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके.
