खरौंधी से अभिमन्यु कुमार की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले के खरौंधी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. राजी पंचायत के चौरा गांव में एक महिला ने अपने ही पति पर सोते समय चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया. घायल युवक की पहचान सुदामा पासवान (20 वर्ष), पिता विश्वनाथ पासवान के रूप में हुई है. गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी मौके से फरार हो गई.
दो साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार सुदामा पासवान की शादी करीब दो वर्ष पहले मेराल थाना क्षेत्र के लातदाग गांव निवासी प्रीति कुमारी के साथ हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था. परिजनों का कहना है कि दोनों के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था. वैचारिक मतभेद और घरेलू तनाव के कारण परिवार में लंबे समय से अशांति का माहौल बना हुआ था. स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था और मामला पंचायत तक पहुंचा था.
पहले भी हो चुकी थी मारपीट
परिजनों ने बताया कि करीब चार महीने पहले भी पति-पत्नी के बीच मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें सुदामा पासवान घायल हो गया था. उस समय गांव के लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था. इसके बावजूद दोनों के रिश्ते में तनाव लगातार बना रहा. इतना ही नहीं, करीब दस दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला खरौंधी थाना पहुंच गया था. थाने में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामला शांत कराया गया और आपसी सहमति से घर लौटाया गया था. लेकिन इसके बाद भी घरेलू विवाद खत्म नहीं हुआ.
रात में सोते समय किया हमला
घायल सुदामा पासवान ने बताया कि मंगलवार रात वह खाना खाने के बाद अपने कमरे में सो गया था. देर रात करीब तीन बजे उसकी पत्नी प्रीति कुमारी ने अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया. सुदामा के अनुसार पत्नी ने उसकी छाती और माथे पर लगातार कई वार किए. अचानक हुए हमले से वह बुरी तरह घबरा गया और दर्द से चिल्लाने लगा. उसकी आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे. परिजनों के पहुंचने से पहले ही आरोपी महिला अंधेरे का फायदा उठाकर घर से फरार हो गई. इसके बाद घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही खरौंधी थाना पुलिस सक्रिय हो गई. पुलिस ने घायल युवक से पूछताछ की और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम ने बताया कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है. घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और आरोपी महिला की तलाश की जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग में कारोबार को आसान बनाने के लिए टैक्स डिपार्टमेंट की पहल, कारोबारियों किया जागरूक
गांव में चर्चा का विषय बनी घटना
घटना के बाद चौरा गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. ग्रामीणों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इस हद तक पहुंच जाएगा. फिलहाल पुलिस फरार महिला की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच जारी है.
इसे भी पढ़ें: पलामू स्कूल बिल्डिंग के नाम पर गड़बड़झाला, 1.25 करोड़ की निकासी के बाद 19 साल में नहीं बने 52 भवन
