गढ़वा में SIR अभियान: 7 लाख से अधिक फॉर्म बांटे गए, 2 लाख से ज्यादा का डिजिटाइजेशन पूरा

गढ़वा में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेजी से जारी है. 92.63% प्रपत्रों का वितरण और 2.28 लाख से अधिक का डिजिटाइजेशन पूरा हुआ। 29 जुलाई तक काम पूरा करने का निर्देश।

गढ़वा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है. अब तक जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी 957 ईपी पार्ट्स का डाउनलोड और प्रिंटिंग कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है. बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर अब तक कुल 7,98,580 गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 92.63 प्रतिशत है. इसके अलावा प्राप्त प्रपत्रों में से 2,28,567 का सफलतापूर्वक डिजिटाइजेशन किया जा चुका है, जिनमें से 440 प्रपत्र ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड हो चुके हैं और 2,28,127 प्रपत्रों का बीएलओ द्वारा भौतिक सत्यापन भी पूर्ण कर लिया गया है. मैपिंग कार्य के तहत जिले में 94,905 प्रपत्रों की मैपिंग तथा 1,29,020 प्रोजेनी मैपिंग का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि महज 4,202 प्रपत्रों की मैपिंग शेष है.

गढ़वा और भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के आंकड़े

80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,26,661 पंजीकृत मतदाता हैं. इस क्षेत्र में अब तक 3,78,893 गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं. वहीं 1,06,231 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 255 का ऑनलाइन सबमिशन और 1,05,976 प्रपत्रों का सत्यापन बीएलओ द्वारा पूरा किया जा चुका है. दूसरी ओर, 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,35,431 मतदाता सूचीबद्ध हैं. यहां अब तक 4,19,687 गणना प्रपत्रों का वितरण किया गया है, जिनमें से 1,22,336 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 185 का ऑनलाइन सबमिशन और 1,22,151 प्रपत्रों का सत्यापन सफलतापूर्वक संपन्न किया जा चुका है.

लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई, 29 जुलाई तक हर हाल में काम पूरा करें : डीसी

इन आंकड़ों और अभियान की प्रगति को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक विस्तृत समीक्षा बैठक की. बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी , सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी , जिला शिक्षा पदाधिकारी , जिला शिक्षा अधीक्षक , जिला समाज कल्याण पदाधिकारी , बीएलओ और सुपरवाइजर शामिल हुए. उपायुक्त ने कहा कि यह भारत निर्वाचन आयोग की अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध प्रक्रिया है. इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या शिथिलता कतई स्वीकार्य नहीं होगी. उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आगामी 29 जुलाई 2026 तक अभियान से जुड़े सभी कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन समय पर किया जा सके. उपायुक्त ने जिले के सभी मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की. उन्होंने कहा कि जब बूथ लेवल पदाधिकारी आपके घर पहुंचें, तो उन्हें आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं. गणना प्रपत्र को पूरी सावधानी और सही जानकारी के साथ भरकर समय पर जमा करें तथा अपने मतदाता विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं. आमजन की सक्रिय सहभागिता से ही एक शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सकती है, जो लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाएगी.

ये भी पढ़ें: जंगल में बैठकर फर्जी APK से करते थे ठगी, गिरिडीह पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार

ये भी पढ़ें: ग्रेजुएट ट्रेंड टीचरों को मिलेगा समान वरीयता और अपग्रेड वेतन का लाभ, झारखंड हाईकोर्ट का आदेश



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Sweta Vaidya

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >