Garhwa News: 269 मुस्लिम मतदाताओं के नाम हटाने के आरोप पर बवाल, भाजपा कार्यकर्ता की रिहाई के विरोध में ग्रामीणों का धरना

झारखंड के रंका में भाजपा कार्यकर्ता द्वारा 269 मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश के विरोध में ग्रामीणों ने प्रखंड कार्यालय में जमकर प्रदर्शन किया।

रंका, गढ़वा : रंका प्रखंड के खपरो गांव के ग्रामीणों ने एसआइआर के तहत फॉर्म-7 में 269 मतदाताओं के नाम भरकर जमा करने के आरोप में गिरफ्तार किये गये भाजपा कार्यकर्ता शिव प्रसाद सोनी को छोड़ने के विरोध में बुधवार को प्रखंड कार्यालय में प्रदर्शन किया. ग्रामीण सुबह करीब 11 बजे से प्रखंड कार्यालय परिसर में धरना पर बैठे थे. शाम करीब पांच बजे प्रखंड कर्मी कार्यालय में ताला लगाकर जाने लगे, तो ग्रामीणों ने इसका विरोध किया. इसके बाद कर्मी बिना ताला लगाये ही वहां से चले गये.

मामले की सूचना मिलने पर एसडीओ मो परवेज, एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह और थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी पुलिस बल के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर धरना समाप्त कराया.

269 फॉर्म-7 भरने का लगाया आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा एसआइआर फॉर्म-7 के माध्यम से 269 मुस्लिम मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया गया. ग्रामीणों के अनुसार बूथ संख्या 207 के लिए 161 और बूथ संख्या 209 के लिए 108 फॉर्म-7 भरे गये थे. उनका दावा है कि इन फॉर्म में जीवित मतदाताओं के नाम शामिल हैं.

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मंगलवार शाम बीएलओ कुसुम बीबी से जानकारी मिलने के बाद उन्हें मामले की जानकारी हुई. बीएलओ ने कथित तौर पर बताया कि भाजपा कार्यकर्ता शिव प्रसाद सोनी ने 269 मतदाताओं के नाम वाले फॉर्म-7 जमा करने की जानकारी दी थी.

ग्रामीणों ने किया था शिव प्रसाद सोनी का घेराव

जानकारी मिलने के बाद मंगलवार शाम सैकड़ों ग्रामीणों ने भाजपा कार्यकर्ता शिव प्रसाद सोनी का घेराव कर उनसे पूछताछ की. सूचना मिलने पर एसडीओ मो परवेज, बीडीओ शुभम बेला टोपनो और थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी पुलिस बल के साथ खपरो गांव पहुंचे.

पुलिस ने मौके से 269 फॉर्म-7 जब्त किये और जब्ती सूची तैयार की. इसके बाद शिव प्रसाद सोनी को गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया. ग्रामीणों का कहना है कि बुधवार सुबह उन्हें पुलिस ने छोड़ दिया. इसी के विरोध में ग्रामीणों ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया.

झामुमो नेताओं ने भी ग्रामीणों का समर्थन किया

धरना-प्रदर्शन में करीब दो से ढाई सौ ग्रामीण शामिल हुए. ग्रामीणों की मांग थी कि फॉर्म-7 में गड़बड़ी करने के आरोप में शिव प्रसाद सोनी के खिलाफ कार्रवाई की जाये और उन्हें जेल भेजा जाये.

प्रदर्शन को पूर्व 20 सूत्री उपाध्यक्ष नितेश कुमार सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जवाहर पासवान, अहमद अली अंसारी, मनोज ठाकुर और पूर्व जिला अध्यक्ष तनवीर आलम सहित कई झामुमो नेताओं ने भी समर्थन दिया.

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फॉर्म-7 के जरिये मुस्लिम मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा था. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

जांच के लिए जिला भेजे गये फॉर्म : एसडीओ

एसडीओ मो परवेज ने कहा कि जब्त किये गये सभी फॉर्म-7 को नाम सहित जांच के लिए जिला भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >