उड़नदस्ता दल ने अध्यक्ष पद प्रत्याशी के खिलाफ दर्ज करायी प्राथमिकी

एसडीएम ने पांच प्रिंटिंग प्रेसों में की छापेमारी, तीन में मिली अनियमितताएं

एसडीएम ने पांच प्रिंटिंग प्रेसों में की छापेमारी, तीन में मिली अनियमितताएं प्रतिनिधि, गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी सह आदर्श आचार संहिता प्रभारी पदाधिकारी संजय कुमार ने गुरुवार को शहर के पांच प्रिंटिंग प्रेसों में औचक छापेमारी की. यह कार्रवाई आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के तहत की गयी. छापेमारी के दौरान गढ़देवी मोहल्ला स्थित दो प्रिंटिंग प्रेस और इंदिरा गांधी रोड स्थित तीन प्रिंटिंग प्रेसों की जांच की गयी. कुल पांच प्रतिष्ठानों में से तीन में अनियमितताएं पायीं गयीं, जिन प्रतिष्ठानों में विसंगतियां मिलीं, उनमें विश्वकर्मा प्रिंटिंग प्रेस, महामाया प्रिंटिंग प्रेस और शिवम प्रिंटिंग प्रेस शामिल हैं. एसडीएम ने बताया कि इन अनियमितताओं की सूचना चुनाव व्यय कोषांग सहित जिले के वरीय पदाधिकारियों को दे दी गयी है. संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. इसी क्रम में नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी दीपक कुमार शर्मा के विरुद्ध उड़नदस्ता दल की ओर से गढ़वा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. आरोप है कि उन्होंने गढ़वा अनुमंडल से संबंधित कार्यालयी दस्तावेजों को स्कैन कर हजारों प्रतियां प्रिंटिंग प्रेस से छपवायीं और उन्हें अनधिकृत रूप से समाचार पत्रों के भीतर रखकर वितरित कराया. प्रशासन के अनुसार यह कृत्य आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होने के साथ-साथ आपराधिक श्रेणी में भी आता है. सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि गढ़वा अनुमंडल क्षेत्र में अब तक आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले में चार प्रत्याशियों सुमित्रा देवी, शोभा देवी, संतोष केशरी और दीपक कुमार शर्मा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है. उन्होंने सभी प्रत्याशियों से अपील की कि वे आदर्श आचार संहिता और लागू निषेधाज्ञा का पालन करें. प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >