प्रतिनिधि, गढ़वा श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के पतहरिया कला गांव के अकेलवा तालाब में बुधवार को दो बच्चियों का शव मिला. मृतक बच्चियों की पहचान पतहरिया कला गांव निवासी राजू राम की पुत्री प्रियांशु कुमारी (9 वर्ष) और परमेश्वर राम की पुत्री सुशीला कुमारी (11 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों सहेली थीं. जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे दोनों खाना खाने के बाद पास के जंगल की ओर सूखी लकड़ी चुनने के लिए निकली थीं. देर शाम तक जब दोनों घर नहीं लौटीं, तो परिजनों की चिंता बढ़ गयी. इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीण रात भर आसपास के जंगल, खेत और संभावित स्थानों पर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला. बुधवार की सुबह जब गांव के कुछ लोग शौच के लिए अकेलवा तालाब की ओर गये, तो तालाब में एक शव को तैरते देखा़ इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ गयी. ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर जब खोजबीन की, तो दूसरी बच्ची का भी शव बरामद हो गया. घटना की सूचना पाकर श्री वंशीधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया. गांव में नहीं जला चूल्हा : दो मासूम बच्चियों की असमय मौत से पतहरिया कला गांव में मातम पसरा हुआ है. बुधवार को शव गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया. शोक में ग्रामीणों के घरों में चूल्हे तक नहीं जले.
दो बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत
दो बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत
