खरौंधी,गढ़वा: स्तरोन्नत प्लस टू उच्च विद्यालय राजी में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान विद्यालय परिसर में फलदार, छायादार और सजावटी किस्मों के करीब 150 पौधे लगाये गये.
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद सदस्य धर्मराज पासवान, प्रभारी प्रधानाध्यापक संजय कुमार एवं शिक्षकों ने पौधारोपण कर किया. विशिष्ट अतिथियों ने भी विद्यालय परिसर में पौधे लगाये. विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया.
विद्यालय परिसर में अमरूद, आंवला, बरगद, पीपल और अशोक सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधे लगाये गये. इसके अलावा बॉटल पॉम, चाइना पॉम, एरिका पॉम, रिक्शोना पॉम, रबर, करवटन, डफन, मोरपंख, दारासेना, गुलाबचीन, कमल कैक्टस, मिनी चांदनी, क्रिसमस, मधुकामिनी, ग्रीन माइकस और टिकोमा समेत कई सजावटी पौधे भी रोपे गये.
विद्यालय प्रशासन ने पौधों की नियमित देखभाल और सिंचाई की जिम्मेदारी विद्यार्थियों एवं पर्यावरण क्लब को सौंपी है.
जिला परिषद सदस्य धर्मराज पासवान ने कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं. विद्यालय में शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण की सीख भी जरूरी है. उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय के साथ-साथ अपने घर और आसपास भी पौधे लगाने की अपील की.
प्रभारी प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति का आधार हैं. विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण से वातावरण स्वच्छ रहने के साथ विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी.
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपने द्वारा लगाये गये पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया. मौके पर मुखिया प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, विनोद यादव, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य नरेश पासवान समेत अन्य मौजूद थे.
