विजय सिंह की रिपोर्ट भवनाथपुर. टाउनशिप स्थित सेल के आवासीय परिसर में अज्ञात चोरों ने बीती रात जगदीश होटल को निशाना बनाया. चोर दुकान का ताला तोड़कर करीब 25 किलो मिठाई, पीतल के बर्तन और गल्ले में रखी नकदी चुरा ले गये. चोरी की घटना के बाद इलाके के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है. लोगों का कहना है कि टाउनशिप क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक किसी मामले का ठोस खुलासा नहीं हो सका है.
रक्षाबंधन के लिए तैयार की गयी थीं मिठाइयां
होटल संचालक जगदीश चंद्रवंशी ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए उन्होंने मंगलवार को विशेष रूप से पेड़ा और लौंग लता तैयार किया था. देर शाम उन्होंने मिठाइयों को दुकान के काउंटर में सुरक्षित रखकर दुकान बंद की और घर चले गये. बुधवार सुबह जब वह होटल पहुंचे तो काउंटर का ताला टूटा हुआ मिला. अंदर जाकर देखा तो करीब 25 किलो मिठाई और पीतल की दो बड़ी परातें गायब थीं. गल्ले में रखी नकदी भी चोर अपने साथ ले गये.
पुलिस ने शुरू की जांच
चोरी की जानकारी मिलते ही भवनाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एएसआई जगबंधु महतो और उपेंद्र राम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस चोरों का सुराग लगाने के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है. हालांकि, अभी तक चोरों के संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आयी है.
दो महीने में एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं
स्थानीय लोगों के अनुसार, टाउनशिप क्षेत्र में पिछले दो महीनों के दौरान चोरी की एक दर्जन से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं. इसके बावजूद पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है. इससे लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ रही है. व्यापारियों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी के कारण रात के समय दुकानों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है.
ये भी पढ़ें: भवनाथपुर में छात्रा से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो युवकों पर ईंट-पत्थर से हमला, FIR दर्ज
इन जगहों पर भी हो चुकी है चोरी
टाउनशिप क्षेत्र में हाल के दिनों में कई चोरी की घटनाएं सामने आयी हैं. टाउनशिप बैंक मोड़ स्थित ट्रांसफार्मर से कीमती सामान चोरी हुआ. सेल अस्पताल परिसर से समरसेबल मोटर पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया. बीएसएनएल एक्सचेंज से लाखों रुपये मूल्य की बैटरियां चोरी हो गयीं. इसके अलावा कैलान में उपेंद्र यादव और बनसानी में आलोक शर्मा के घर चोरी की वारदात हुई. बगही स्थित एक दुकान का ताला तोड़कर भी सामान चोरी किया गया.
ये भी पढ़ें: रक्षाबंधन से पहले गढ़वा में मिलावटी मिठाइयों पर छापेमारी, 8 किलो सड़ा स्टॉक नष्ट, होटल पर 5 हजार जुर्माना
त्योहार से पहले चोरी ने बढ़ायी चिंता
रक्षाबंधन जैसे त्योहार से ठीक पहले होटल से मिठाई और अन्य सामान की चोरी से संचालक को आर्थिक नुकसान हुआ है. वहीं, लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं ने स्थानीय व्यापारियों और निवासियों की चिंता बढ़ा दी है. लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है.
