शिक्षक दीपक कुजूर हत्याकांड: 24 घंटे बाद भी कातिल पुलिस की पकड़ से दूर, सुराग तलाशने में जुटी टीम

गढ़वा में शिक्षक दीपक कुजूर की दिनदहाड़े हत्या के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है। जानें पूरी खबर।

घनश्याम सोनी

बड़गड़(गढ़वा ): बड़गड़ थाना क्षेत्र के सालो जंगल स्थित ललमटिया मोड़ के समीप रविवार को दिनदहाड़े हुई सरकारी शिक्षक दीपक कुजूर की सनसनीखेज हत्या के मामले में 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं, हालांकि थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है और अपराधियों के संभावित ठिकाने पर लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, पुलिस का दावा है कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और उनकी धरपकड़ के लिए तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

खुशी का माहौल मातम में बदला, 10 दिन पहले ही बने थे पिता

जानकारी के अनुसार मृतक दीपक कुजूर (35 वर्ष) सिमडेगा जिले के पाकरटांड़ प्रखंड के नानेसेरा-मंगरकुड़ा गांव के निवासी थे और वे एक सरकारी शिक्षक के पद पर कार्यरत थे, उनकी शादी 28 दिसंबर 2025 को रामकंडा थाना क्षेत्र के बरवा गांव निवासी लालमोहन केरकेट्टा की पुत्री मुक्ति केरकेट्टा से हुई थी, अभी महज 10 दिन पूर्व ही उनके घर नन्हे बच्चे का जन्म हुआ था, जिससे पूरे परिवार में खुशी का माहौल था, वे छठी कार्यक्रम में शामिल होने सिमडेगा गई अपनी सास अनसतसीया कुजूर को उनके मायके बरवा गांव छोड़ने के बाद बाइक से रविवार को वापस लौट रहे थे, इसी दौरान सालो जंगल के ललमटिया मोड़ के पास भंडरिया-बड़गड़ मुख्य पथ पर घात लगाए बैठे 2 अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाकर अंधाधुंध गोली मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई.

आखिर क्या ससुराल में हत्या के पीछे की वजह, सुराग तलाशने में जुटी पुलिस

इस पूरे हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने के लिए हर कड़े एंगल पर काम कर रही है, मामले को लेकर थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य ने बताया कि गढ़वा में पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद मृतक का शव वहीं से उनके बड़े भाई बसंत कुजूर एवं अन्य स्वजन अपने साथ पैतृक आवास सिमडेगा ले गए हैं, अब तक परिजनों की ओर से किसी के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है, परिजनों का साफ कहना है कि दीपक बेहद मिलनसार स्वभाव के थे और उनकी किसी से कोई दुश्मनी या रंजिश नहीं थी, ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि आखिर दीपक की हत्या के पीछे की असली वजह क्या है, क्या इस वारदात का कोई तार उनके ससुराल क्षेत्र से जुड़ा है, या फिर इसके पीछे कोई गुप्त आपसी रंजिश है, फिलहाल पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1), 61(2), 238 तथा आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश तेज कर दी है और हर छोटे-बड़े सुराग को खंगालते हुए जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करने का दावा किया है


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Sweta Vaidya

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >