भवनाथपुर गढ़वा से विजय सिंह की रिपोर्ट
भवनाथपुर (गढ़वा). भवनाथपुर प्रखंड के पंडरिया पंचायत में जर्जर सड़कों से परेशान ग्रामीणों को आखिरकार राहत मिली है. पंचायत के समाजसेवी ताहिर अंसारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को देखकर वे खुद आगे आए और प्रशासन का इंतजार किए बिना अपने निजी खर्च से सड़कों की मरम्मत कराने का बीड़ा उठाया. बारिश के कारण पंचायत की अधिकांश सड़कों की स्थिति बद से बदतर हो गई थी.
परसाडी टोला की सड़क हुई आवागमन योग्य
परसाडी टोला की मुख्य सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और गहरे गड्ढे बन गए थे. इससे ग्रामीणों को पैदल चलने में भी परेशानी हो रही थी. ताहिर अंसारी ने सड़क पर मिट्टी-मोरम डलवाकर इसे आवागमन के लायक बनाया.
मदरसा से मटर साह के कुआं तक संपर्क पथ दुरुस्त
चपरी मदरसा से मटर साह के कुआं तक जाने वाले संपर्क पथ की भी मरम्मत करायी गयी. इस सड़क पर मिट्टी-मोरम डालकर उसे दुरुस्त किया गया, जिससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिली.
ये भी पढ़ें: भवनाथपुर के स्कूल में बच्चों से झाड़ी साफ कराने का आरोप, वीडियो वायरल
दो किलोमीटर लंबी सड़क पर भी हुआ काम
पंडरिया-कनवाह से कर्बला तक पंचायत की सबसे लंबी करीब दो किलोमीटर जर्जर सड़क पर भी मिट्टी-मोरम का कार्य कराया गया. सड़क की स्थिति सुधरने से ग्रामीणों के लिए आवागमन आसान हुआ है.
स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को थी सबसे ज्यादा परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान सड़कों पर कीचड़ और फिसलन के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बाइक सवारों को काफी परेशानी होती थी. ताहिर अंसारी की पहल से फिलहाल ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है. ग्रामीणों ने निजी खर्च से सड़क मरम्मत कराने के इस कार्य की सराहना की.
इस दौरान मनोज यादव, उम्मा यादव, संतोष कुमार गुप्ता, सुभान मियां, आदम अली, उसमान अंसारी, नमियाद मियां, जमुना यादव समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे.
सड़क मरम्मती से चलने योग्य हुआ सड़क तथा उपस्थित ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
