गढ़वा से प्रभाष मिश्रा की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा थाना क्षेत्र के महुलिया स्कूल के पास बुधवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई. तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से महुलिया गांव के ही दो युवकों की मौत के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है. मृतकों की पहचान बिंदु चौधरी के पुत्र राहुल कुमार चौधरी (26 वर्ष) और महेंद्र राम के पुत्र नंदलाल राम (26 वर्ष) के रूप में हुई है.
कैसे हुआ हादसा?
घटना के संबंध में बताया जाता है कि बुधवार की रात राहुल और नंदलाल अपनी लूना मोटरसाइकिल पर महुलिया स्कूल के पास बैठे हुए थे. इसी दौरान एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राहुल कुमार चौधरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल नंदलाल राम को आनन-फानन में गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया. लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही नंदलाल ने भी दम तोड़ दिया.सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
चालक फरार, नंबर प्लेट जली हुई
हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया. बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर पर लगी नंबर प्लेट जली हुई है, जिससे ट्रैक्टर की पहचान छिपाने की कोशिश का अंदेशा जताया जा रहा है.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस ट्रैक्टर को जब्त कर मामले की छानबीन कर रही है.
गांव में पसरा मातम
एक ही गांव के दो युवकों की मौत से महुलिया गांव में चूल्हे नहीं जले. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से फरार चालक की जल्द गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: नोवामुंडी में बंगाली समुदाय ने धूमधाम से मनाया पोइला वैशाख, परंपरा और संस्कृति की दिखी झलक
इसे भी पढ़ें: कमला नेहरू कॉलेज में ‘प्रभात खबर’ का नशा मुक्ति अभियान, विद्यार्थियों ने लिया आजीवन नशा न करने का संकल्प
