गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट
झारखंड के पलामू संसदीय क्षेत्र के विकास और रेल कनेक्टिविटी को लेकर सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान सांसद ने गढ़वा और पलामू जिलों के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिनमें गढ़वा रोड में वैगन फैक्ट्री की स्थापना और कई नई ट्रेनों का परिचालन प्रमुख है.
औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
सांसद वी डी राम ने क्षेत्र के औद्योगिक विकास और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए पलामू जिले में ‘वैगन उत्पादन एवं रख-रखाव सुविधा’ स्थापित करने का ठोस प्रस्ताव रखा. उन्होंने विशेष रूप से गढ़वा रोड या जपला का सुझाव दिया, जहां रेलवे के पास पर्याप्त जमीन है. सांसद की इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जिले में इस सुविधा की व्यवहार्यता अध्ययन (फिजिबिलिटी स्टडी) कराने का लिखित आश्वासन दिया है. अगर यह परियोजना धरातल पर उतरती है, तो गढ़वा जिला एक बड़े औद्योगिक हब के रूप में उभरेगा.
नई ट्रेनों की मांग
कनेक्टिविटी को लेकर सांसद ने दक्षिण, पश्चिम और धार्मिक स्थलों के लिए नई ट्रेनों की मांग की है, जिससे गढ़वा जिले के यात्रियों को सीधा फायदा होगा. स्थानीय समस्याओं को महत्व देते हुए सांसद ने हैदरनगर ब्लॉक के सरगड़ा टोला गांव (नावाडीह रेलवे फाटक नंबर-48) के पास पिलर नंबर 360/20 के समीप एलसी/आरयूबी निर्माण की मांग रखी. रेल मंत्री ने इसे निर्माण सूची में शामिल करने का भरोसा दिलाया है.
मुलाकात के बाद सांसद ने क्या कहा?
मुलाकात के बाद सांसद वी डी राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास को नई गति मिल रही है. वैगन फैक्ट्री से हमारे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और नई ट्रेनों से व्यापार और आवागमन आसान होगा. कहा कि रेल मंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी अध्ययन और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
सासंद ने रखी जो मांग
राजधानी एक्सप्रेस की फ्रीक्वेंसी:- नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस (वाया चोपन-गढ़वा रोड-मेदिनीनगर ) जो वर्तमान में सप्ताह में एक दिन चलती है, उसे सप्ताह में तीन दिन करने की मांग की गई है.
दक्षिण भारत के लिए नई ट्रेन:- चोपन से एर्नाकुलम तक नई सेवा, जो गढ़वा, मेदिनीनगर, रांची और राउरकेला होकर गुजरेगी.
देवघर के लिए सीधी सेवा:- चोपन-देवघर एक्सप्रेस (वाया मेदिनीनगर-धनबाद) से बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी.
अहमदाबाद एक्सप्रेस:- रांची-अहमदाबाद एक्सप्रेस (वाया लोहरदगा-डालटनगंज-जपला) के शुरू होने से पश्चिमी भारत से सीधा संपर्क बढ़ेगा.
यह भी पढ़ें: रांची स्मार्ट सिटी को लेकर CM हेमंत ने दिए निर्देश, विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता
यह भी पढ़ें: गुमला में बवाल: विवादित जमीन मापी के दौरान अंचल कर्मी को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, नहीं हो पाया सीमांकन
