मनोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
मझिआंव (गढ़वा) : मझिआंव-गढ़वा मुख्य पथ पर खजूरी गांव के पास सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. बताया गया कि सड़क पर अचानक आयी नीलगाय से मोटरसाइकिल टकरा गयी, जिससे बाइक सवारों का नियंत्रण बिगड़ गया और तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गये.
तीनों राजमिस्त्री काम के लिए जा रहे थे गढ़वा
घायलों की पहचान बूढ़ीखाड़ गांव निवासी 18 वर्षीय दीपक कुमार मेहता, दशरथ मेहता के 38 वर्षीय पुत्र अवधेश मेहता और राजेंद्र मेहता के 26 वर्षीय पुत्र सूरज मेहता के रूप में हुई है. तीनों राजमिस्त्री का काम करते हैं और बाइक से गढ़वा जा रहे थे.घटना में दीपक कुमार का दाहिना पैर टूट गया है. वह बेहोशी की हालत में है. वहीं, अवधेश मेहता के सिर में गंभीर चोट लगी है. सूरज मेहता को भी चोटें आयी हैं.
ये भी पढ़ें: SIR अभियान: एक दिन में गढ़वा की रफ्तार सबसे तेज, औसत में पलामू-लातेहार पीछे
सदर अस्पताल गढ़वा रेफर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी. एंबुलेंस से तीनों घायलों को मझिआंव रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए तीनों को सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटना की जानकारी ली और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है.
