प्रतिनिधि, गढ़वा गढ़वा की जीवनरेखा मानी जाने वाली दानरो नदी को प्रदूषणमुक्त और स्वच्छ बनाये रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है . उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने बुधवार को दानरो नदी क्षेत्र का स्थल निरीक्षण कर वहां की स्थिति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान नदी के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर अवैज्ञानिक तरीके से कचरा फेंका हुआ पाया गया. कई स्थानों पर कचरे के ढेरों में आग लगी हुई थी, जिससे भारी मात्रा में धुआं निकल रहा था और आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा था स्थिति को देख उपायुक्त ने नाराजगी और चिंता व्यक्त की. उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दानरो नदी व उसके आसपास के क्षेत्रों में किसी भी परिस्थिति में कचरा नहीं फेंका जाये. उपायुक्त ने कहा कि नदियों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी . सुखबाना कचरा प्रबंधन स्थल का लिया जायजा नदी क्षेत्र के निरीक्षण के बाद उपायुक्त सुखबाना स्थित कचरा प्रबंधन स्थल पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार को निर्देश दिया कि नगर परिषद क्षेत्र से निकलने वाले सभी गीले और सूखे कचरे का निष्पादन केवल निर्धारित सुखबाना डंपिंग यार्ड में किया जाये. उपायुक्त ने कचरे के वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि शहर और नदी दोनों को प्रदूषण से बचाया जा सके. उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए जिले की कचरा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक प्रभावी तथा आधुनिक बनाया जायेगा. निर्धारित मानकों के अनुरूप ही हो कचरे का निष्पादन डीसी ने अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कचरे के निष्पादन की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी स्वच्छ एवं स्वस्थ गढ़वा के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है. प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फेंकने तथा स्वच्छता बनाये रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया है .
नदियों की स्वच्छता में लापरवाही नहीं की जायेगी बर्दाश्त : डीसी
नदियों की स्वच्छता में लापरवाही नहीं की जायेगी बर्दाश्त : डीसी
