रंका,गढ़वा . पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण रंका स्थित नक्षत्र वन पार्क में आने-जाने का रास्ता बंद हो गया है. पार्क जाने वाले मार्ग पर बना बांध तेज पानी के बहाव में टूटकर बह गया. इससे नक्षत्र वन का संपर्क मार्ग बाधित हो गया है और पार्क आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
निर्माण की मजबूती और गुणवत्ता पर सवाल
जानकारी के अनुसार, नक्षत्र वन में बने चेक डैम के ऊपर से लगातार पानी का बहाव हो रहा था. पानी का दबाव बढ़ने के कारण पार्क जाने वाले रास्ते पर बना बांध टूट गया. बताया गया कि बांध का निर्माण करीब छह माह पहले ही पूरा हुआ था. इतने कम समय में भारी बारिश के दौरान बांध के टूट जाने से निर्माण की मजबूती और गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं.
तेज बहाव से रास्ते का हिस्सा प्रभावित
बांध टूटने के बाद रास्ते का एक हिस्सा पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया है. फिलहाल इस मार्ग से होकर नक्षत्र वन पहुंचना मुश्किल हो गया है. पार्क में आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को रास्ता बंद रहने के कारण परेशानी हो रही है.
ये भी पढ़ें: सोन जल समझौते से गढ़वा में जगी सिंचाई की नई उम्मीद. कधवन-इंद्रपुरी परियोजना को मिल सकती है रफ्तार
आवागमन बहाल कराने की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त बांध की जल्द मरम्मत कराकर नक्षत्र वन का आवागमन बहाल कराने की मांग की है. साथ ही छह माह पहले तैयार हुए बांध के क्षतिग्रस्त होने की तकनीकी जांच कराने की भी मांग उठ रही है. लोगों का कहना है कि तकनीकी जांच से यह स्पष्ट हो सकेगा कि बांध के निर्माण में गुणवत्ता मानकों का पालन हुआ था या नहीं और पानी के संभावित दबाव को ध्यान में रखते हुए निर्माण की तकनीकी तैयारी कितनी पर्याप्त थी.
