प्रतिनिधि, मझिआंव बरडीहा थाना क्षेत्र से करीब 19 महीने पहले अपहृत हुई एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर गुजरात के जामनगर से सकुशल बरामद कर लिया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने अपहरण के मुख्य आरोपी ललगड़ा गांव निवासी सीताराम पासवान के पुत्र चंदन कुमार पासवान को भी गिरफ्तार किया है. थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां ने 15 अक्टूबर 2024 को थाने में अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी थी. शिकायत में चंदन कुमार पासवान को नामजद आरोपी बनाया गया था. इसके आधार पर बरडीहा थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गयी थी. लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिलने के बाद गढ़वा पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी पीड़िता को लेकर गुजरात के जामनगर में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया. सब-इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार राय के नेतृत्व में टीम ने जामनगर में छापेमारी कर नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद पुलिस दोनों को बरडीहा थाना लेकर आयी और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है.
बरडीहा से अपहृत नाबालिग 19 माह बाद गुजरात से बरामद, आरोपी गिरफ्तार
बरडीहा से अपहृत नाबालिग 19 माह बाद गुजरात से बरामद, आरोपी गिरफ्तार
