गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिला मुख्यालय स्थित मंडल कारा (मंडल जेल) में शनिवार की रात को प्रशासन और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से औचक छापेमारी की. यह छापामारी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार के संयुक्त नेतृत्व में की गई.
सभी वार्डों और सेल की हुई जांच
इस औचक कार्रवाई से जेल प्रशासन और कैदियों के बीच हड़कंप मच गया. हालांकि, गहन तलाशी अभियान के बाद भी जेल के अंदर से कोई भी आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ. जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम भारी पुलिस बल के साथ अचानक मंडल जेल पहुंची. टीम ने जेल के सभी वार्डों, सेल, अस्पताल, रसोई घर और परिसर के कोने-कोने की सघन तलाशी ली.
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के उद्देश्य से कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई करीब दो घंटे से अधिक समय तक चली. जेल के अंदर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह छापेमारी की गई थी. इस अभियान में एसडीएम और एसडीपीओ के अलावा अलग-अलग थानों के थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक (इंस्पेक्टर) और भारी संख्या में महिला और पुरुष पुलिस बल के जवान शामिल थे.
मोबाइल, नशीले पदार्थ या हथियार नहीं मिले
एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि यह एक रुटीन जांच थी, जिसका उद्देश्य जेल के अंदर कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखना था. जांच के दौरान जेल के अंदर पूरी तरह शांति पाई गई और कोई भी प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामान (जैसे मोबाइल, नशीले पदार्थ या हथियार) नहीं मिला. जेल प्रशासन को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने और कड़ी निगरानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें: Ranchi: कारोबारी पर फायरिंग कराने वाला गिरफ्तार, अनिल टाइगर हत्याकांड से भी जुड़ा नाम
यह भी पढ़ें: Ranchi: नियुक्ति के बाद भी स्टेट बार काउंसिल को देना होगा एडवोकेट का एनरोलमेंट सर्टिफिकेट
