गढ़वा. उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने शनिवार को सदर क्षेत्र के लगभग 40 पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक की. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी और सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी भी मौजूद थे. एसडीएम ने कहा कि पेट्रोल पंप बिना उचित कारण बंद नहीं रहेंगे. यदि किसी दिन पंप बंद रहता है, तो बड़े अक्षरों में कारण लिखना अनिवार्य है, जैसे स्टॉक नहीं होना या मशीन खराब होना. उन्होंने सभी पंप संचालकों से कहा कि कालाबाजारी या महंगे दाम पर पेट्रोल बिक्री की शिकायत न आये. बैठक में यह भी ध्यान दिलाया गया कि कुछ लोग गैलन में पेट्रोल लेकर उच्च मूल्य पर बेच रहे हैं, जो प्रशासन और पेट्रोल कंपनियों की छवि खराब करता है. एसडीएम ने स्पष्ट किया कि सप्लाई चेन बाधित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. संचालकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने स्टॉक का रिकॉर्ड रखें, सीसीटीवी ठीक रखें और पेट्रोल कंपनियों को नियमित मांग भेजते रहें. संचालन में आने वाली समस्याओं पर प्रशासन सहयोग करेगा. नागरिकों से भी अपील की गई कि वैश्विक परिस्थितियों के बीच संयम बनाएं और पैनिक बाइंग न करें. सदर अनुमंडल में फिलहाल पेट्रोल की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है.
बिना सूचना पेट्रोल पंप बंद रखने पर कारण लिखना अनिवार्य
बिना सूचना पेट्रोल पंप बंद रखने पर कारण लिखना अनिवार्य
