प्रतिनिधि गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने शनिवार को गढ़वा व मझिआंव क्षेत्र के कई परचून एवं जनरल स्टोर में छापेमारी की. जांच के दौरान सात दुकानों में अवैध रूप से पेट्रोल का भंडारण व बोतलों में अधिक कीमत पर पेट्रोल बेचने की पुष्टि हुई. इनमें से पांच दुकानों को मौके पर ही बंद करवा दिया गया, जबकि एक दर्जन से अधिक लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई प्रारंभ की गयी है. छापेमारी के दौरान जिन दुकानों पर कार्रवाई की गई, उनमें रामसागर राम, सुकृत मेहता, उमेश मेहता, सतीश कुमार पांडेय, राधाकृष्ण मेहता, सुभाष मेहता एवं प्रमोद प्रसाद केसरी आदि शामिल हैं. एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि ऐसी दुकानों में पेट्रोल बेचना न केवल अवैध है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी अत्यंत खतरनाक है. पेट्रोल बेचने के लिए सिर्फ अनुज्ञप्ति धारक पेट्रोल पंप ही अधिकृत है. ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण एवं बिक्री सामान्य परचून, कपड़ा दुकान अथवा अन्य किसी भी प्रकार की दुकानों या घरों सें नहीं की जा सकती. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के अवैध स्रोतों से पेट्रोल खरीदने वाले वाहन चालक लोगों पर भी विधिसम्मत कार्रवाई की जा सकती है.
सात दुकानों पर अवैध तरीके से पेट्रोल बेचने की पुष्टी, पांच को कराया बंद
सात दुकानों पर अवैध तरीके से पेट्रोल बेचने की पुष्टी, पांच को कराया बंद
