मेधवा दामर घाटी के पास हुआ हादसा, चार लोग गंभीर रूप से घायल प्रतिनिधि, गढ़वा गढ़वा जिले के श्री वंशीधर नगर थाना क्षेत्र के मेधवा दामर घाटी के पास गुरुवार को दो बाइक के बीच टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद घाटी में चीख-पुकार मच गयी. मृतक की पहचान कुंवा खुर्द गांव निवासी लालमोहन उरांव (48 वर्ष) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, कुंवा खुर्द निवासी लालमोहन उरांव और महेंद्र उरांव एक बाइक पर सवार होकर अपनी भांजी के तिलक समारोह में शामिल होने श्री वंशीधर नगर गये हुए थे. तिलक चढ़ाकर वापस घर लौटने के क्रम में मेधवा दामर घाटी के पास उनकी टक्कर विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से हो गयी. दूसरी बाइक पर अवधेश अगरिया, बलराम अगरिया और डीएम अगरिया सवार थे. तीनों कुम्मा खुर्द गांव से अपने किसी रिश्तेदार के घर उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिला जा रहे थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि लालमोहन उरांव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नगर ऊंटरी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
दो बाइक की टक्कर में भांजी के तिलक से लौट रहे व्यक्ति की मौत
मेधवा दामर घाटी के पास हुआ हादसा, चार लोग गंभीर रूप से घायल
