मनोज दुबे की रिपोर्ट
मझिआंव (गढ़वा): मझिआंव-कांडी मार्ग पर मोखापी और जयनगरा के बीच रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. जिसकी चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान कांडी थाना क्षेत्र के ढेलकाडीह बरवाडीह निवासी कुमार पासवान (27 वर्ष) के रुप में हुई है जिसकी टेम्पू के नीचे दबने से मौत हो गई. परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि टेम्पू चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ.
मृतक परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि अगस्त कुमार पटना में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. वह रविवार तड़के पलामू एक्सप्रेस से मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां से राजू यादव के टेम्पू में सवार होकर अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान मोखापी और जयनगरा के बीच चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे टेम्पू पलट गया. इस हादसे में अगस्त टेम्पू के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मझिआंव पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पंचायत की चेतावनी के बावजूद नहीं सुधरी चालक की आदत
ग्रामीणों ने बताया कि टेम्पू चालक राजू यादव अक्सर शराब के नशे में वाहन चलाता था. पूर्व में पंचायत के माध्यम से उसे कई बार नशा छोड़कर वाहन चलाने की सख्त हिदायत दी गई थी, लेकिन उसने चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया. ग्रामीणों का कहना है कि उसकी लापरवाही के कारण एक निर्दोष युवक की जान चली गई.
परिवार के सामने आजीविका का संकट
घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों के अनुसार, मृतक का बड़ा भाई अपने ससुराल में रहता है. अगस्त कुमार ही अपनी वृद्ध मां का एकमात्र सहारा और परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था. उसकी मौत से परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने कांडी थाना प्रभारी से सरकारी प्रक्रिया पूरी कराकर दुर्घटना बीमा (एक्सीडेंटल क्लेम/इंश्योरेंस) के तहत मिलने वाली करीब पांच लाख रुपये की सहायता राशि मृतक की बेसहारा मां को जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है.
